पूर्व मंत्री शिवानंद पाटिल ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को सौंपा ज्ञापन
विजयपुर और बागलकोट में पेयजल संकट दूर करने की अपील
विजयपुर. बसवनबागेवाड़ी के विधायक एवं पूर्व मंत्री शिवानंद पाटिल ने मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से लाला बहादुर शास्त्री सागर (आलमट्टी) जलाशय से तत्काल नहरों में पानी छोडऩे का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विजयपुर और बागलकोट जिलों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है, इसलिए लोगों और पशुओं को राहत देने के लिए बिना विलंब पानी छोडऩा चाहिए।
जलाशय भरने का भरोसा, इंतजार की जरूरत नहीं
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में शिवानंद पाटिल ने कहा कि भले ही मानसून के दौरान जलाशय पूरी तरह नहीं भर पाया हो, लेकिन उत्तर-पूर्व मानसून के दौरान इसके भरने की पूरी संभावना है। पूर्व में भी कई बार जलाशय इसी अवधि में भर चुका है, इसलिए भविष्य में पानी की कमी की आशंका के कारण अभी पानी रोककर रखना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में जलाशय में 70 टीएमसी उपयोग योग्य पानी उपलब्ध है और इसे पूर्ण क्षमता तक भरने के लिए लगभग 35 टीएमसी पानी की आवश्यकता है। मानसून अभी समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए जलाशय के भरने की संभावना बनी हुई है।
पेयजल संकट पर तत्काल निर्णय की मांग
पूर्व मंत्री ने कहा कि विजयपुर और बागलकोट के कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है। ऐसे समय में सिंचाई सलाहकार समिति की बैठक की प्रतीक्षा करने के बजाय सरकार को तत्काल निर्णय लेते हुए नहरों में पानी छोडऩे का निर्देश देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष जलाशय भरने के बाद 100 से 200 टीएमसी पानी बिना उपयोग के बह जाता है। इसके बावजूद अधिकारी पर्याप्त जल प्रवाह की प्रतीक्षा कर नहरों में पानी छोडऩे में देरी कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो जनता में असंतोष बढ़ सकता है।
शिवानंद पाटिल ने मुख्यमंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री ने अब तक कई जनकल्याणकारी निर्णय लेकर लोगों का विश्वास जीता है और इस पेयजल संकट के समाधान के लिए भी उसी संवेदनशीलता के साथ तत्काल कदम उठाने चाहिए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

