कृषि ऋण माफी, प्रति एकड़ 25 हजार रुपए राहत और चारा बैंक शुरू करने की मांग
विजयपुर। जनता दल (सेक्युलर) युवा इकाई के अध्यक्ष निखिल कुमारस्वामी ने राज्य के 135 तालुकों को आधिकारिक रूप से सूखाग्रस्त घोषित करने तथा सहकारी एवं वाणिज्यिक बैंकों से लिए गए किसानों के सभी कृषि ऋण पूर्णत: माफ करने की मांग की है।
विजयपुर जिले के इंडी और बसवन बागेवाड़ी तालुकों में मंगलवार को किसानों के खेतों का दौरा कर सूखे की स्थिति का जायजा लेने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बारिश की कमी से राज्य के लाखों किसान गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। सरकार को तत्काल राहत उपाय लागू करने चाहिए।
निखिल कुमारस्वामी ने कहा कि सूखे से प्रभावित लगभग 70 लाख छोटे और सीमांत किसानों के खातों में प्रति एकड़ 25 हजार रुपए की राहत राशि तत्काल जमा की जाए। उन्होंने कहा कि चारे के संकट के कारण किसान अपने मवेशियों को औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। ऐसे में प्रत्येक होबली (राजस्व केंद्र) केंद्र पर नि:शुल्क चारा बैंक और चारा भंडारण केंद्र स्थापित किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के अभाव में भूजल स्तर तेजी से गिरा है और अनेक क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराने लगा है। इस स्थिति से निपटने के लिए प्रत्येक तालुक को टैंकरों से पेयजल आपूर्ति और नए बोरवेल खुदवाने के लिए कम से कम पांच करोड़ रुपए का विशेष अनुदान जारी करना चाहिए।
इस दौरान जेडीएस विधायक दल के नेता सुरेश बाबू सी.टी., कोर कमेटी के अध्यक्ष जे.के. कृष्णा रेड्डी तथा पार्टी नेता बी.डी. पाटील उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

