सिटी बस व ऑटो चालकों को डीसी की सख्त चेतावनीजिलााधिकारी प्रभुलिंग।

निर्धारित स्टॉप पर ही बसें रोकने के निर्देश

ऑटो किराया संशोधन और रैपिडो सेवा पर नियमों के अनुसार निर्णय का आश्वासन

शिवमोग्गा. जिलााधिकारी (डीसी) प्रभुलिंग ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने के लिए सिटी बस और ऑटो रिक्शा चालकों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर परिवहन बसों को केवल निर्धारित बस स्टॉप पर ही रोका जाए। कहीं भी बस रोककर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने से यातायात बाधित हो रहा है, जिसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में ऑटो रिक्शा व्यवस्था की कमियों और समाधान पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिया कि बस चालकों को तत्काल इस संबंध में सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि पड़ोसी जिलों में लागू ऑटो रिक्शा किराया दरों का अध्ययन कर संबंधित प्राधिकरणों से चर्चा के बाद किराया संशोधन पर निर्णय लिया जाएगा।

रैपिडो पर नियमों के अनुसार होगी कार्रवाई

बैठक में ऑटो रिक्शा चालकों ने रैपिडो की दोपहिया टैक्सी सेवा पर आपत्ति जताते हुए कहा कि दिशा-निर्देश जारी होने तक इस सेवा को संचालित नहीं होने दिया जाए। उनका आरोप था कि कई चालक आवश्यक लाइसेंस और दस्तावेजों के बिना वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है और ऑटो रिक्शा चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है।

इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि रैपिडो या किसी अन्य परिवहन सेवा को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही अनुमति दी जाएगी। बिना वैध अनुमति और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ऑटो रिक्शा चालकों को भी दिए निर्देश

जिला पुलिस अधीक्षक बी. निखिल ने ऑटो रिक्शा चालकों से स्कूली बच्चों को सुरक्षित ढंग से लाने-ले जाने, यातायात नियमों का पालन करने, ऑटो में चालक एवं मालिक का विवरण प्रदर्शित करने, समय-समय पर बीमा का नवीनीकरण कराने तथा मादक पदार्थों की तस्करी संबंधी जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील की।

ऑटो रिक्शा चालकों ने बैठक में न्यूनतम किराया 40 रुपए से बढ़ाकर 50 रुपए करने, परमिट सीमा 10 किलोमीटर से बढ़ाकर 20 किलोमीटर करने, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के पास यात्रियों को उतारने के दौरान कुछ समय की छूट देने तथा गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीडि़तों को अस्पताल ले जाते समय मानवीय आधार पर राहत देने की भी मांग रखी।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मुरुगेंद्र शिरोलकर, कर्नाटक राज्य सडक़ परिवहन निगम के नियंत्रक दिनेश तथा ऑटो रिक्शा चालक संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *