चेतन के. गौड़ा ने मंत्री सतीश जारकीहोली को सौंपा ज्ञापन, डीपीआर भी सौंपी
शिवमोग्गा. शहर के समग्र विकास और नागरिकों की सुविधा के लिए सभी प्रमुख सरकारी कार्यालयों को एक ही परिसर में स्थापित करने की दिशा में आधुनिक ‘प्रशासन भवन’ के निर्माण की मांग उठी है। कर्नाटक राज्य वस्त्र अवसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष चेतन के. गौड़ा ने लोक निर्माण मंत्री सतीश जारकीहोली से मुलाकात कर परियोजना के लिए शीघ्र मंजूरी एवं आवश्यक धनराशि जारी करने का अनुरोध किया।
बेंगलूरु स्थित मंत्री के सरकारी आवास पर हुई मुलाकात के दौरान चेतन गौड़ा ने शिवमोग्गा जिला प्रशासन द्वारा तैयार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) और अन्य संबंधित दस्तावेज भी मंत्री को सौंपे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर के अनेक सरकारी कार्यालय निजी भवनों में किराए पर संचालित हो रहे हैं, जिससे सरकार पर हर महीने लाखों रुपए का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ता है। साथ ही, विभिन्न विभाग अलग-अलग स्थानों पर होने से आम नागरिकों और किसानों को एक ही दिन में सरकारी कार्य कराने में काफी परेशानी होती है।
प्रस्तावित प्रशासन भवन के लिए मुख्य बस स्टैंड से लगभग 500 मीटर दूरी पर भूमि चिन्हित की गई है, जिससे जिले के विभिन्न हिस्सों से आने वाले लोगों को आसानी होगी। चेतन गौड़ा ने बताया कि मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर कर्नाटक राज्य एससी-एसटी घुमंतू विकास निगम की अध्यक्ष पल्लवी भी उपस्थित थीं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

