हुब्बल्ली। हुब्बल्ली के रानी चेन्नम्मा सर्कल स्थित ईदगाह मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुब्बल्ली-धारवाड़ महानगर निगम आयुक्त डॉ. रुद्रेश घाली ने शनिवार को ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर आयुक्त डॉ. रुद्रेश घाली ने कहा कि ब्रिटिश शासन से भारत को मुक्त कराने के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके संघर्ष और त्याग को हमेशा याद रखना हमारा कर्तव्य है। हुब्बल्ली के नारायण महादेव डोणी ने महज 13 वर्ष की उम्र में देश के लिए बलिदान दिया। उनके बलिदान के पांच वर्ष बाद देश को स्वतंत्रता मिली। भारत दुनिया के अन्य देशों से अपनी विविधता और विशेषताओं के कारण अलग पहचान रखता है।
आयुक्त घाली ने कहा कि महानगर निगम शहरवासियों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नगर निगम शहर के लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की योजना लागू करने में सफल रही है। वार्ड विकास योजना के तहत पार्षदों के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। नगर निगम ने 130 करोड़ रुपए का कर संग्रह किया है, जिसमें से 80 करोड़ रुपए ठेकेदारों को भुगतान किए गए हैं।
इस अवसर पर विधायक महेश टेंगिनकाई, राज्यसभा सदस्य एम. नागराज, विधान परिषद सदस्य लिंगराज पाटील, महानगर निगम के पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

