भाषा या क्षेत्र नहीं, सफलता के लिए संकल्प जरूरी : डॉ. प्रसाद
हुब्बल्ली। सफलता के लिए भाषा, क्षेत्र या पद नहीं, बल्कि लक्ष्य हासिल करने की जिद, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत जरूरी है। विपरीत परिस्थितियां भी ऐसे व्यक्ति की राह नहीं रोक सकतीं। यह बात स्वर्णा समूह संस्थान, हुब्बल्ली के प्रमुख डॉ. वी.एस.वी. प्रसाद ने कही।
वे शुक्रवार को कलघटगी के प्रोग्रेसिव एजुकेशन सोसायटी के गर्ल्स इंग्लिश स्कूल में एसएसएलसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के प्रतिभा सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
संघर्षों ने सिखाया आगे बढ़ना
डॉ. प्रसाद ने अपने जीवन के संघर्ष साझा करते हुए कहा कि उनका जन्म गरीब कृषि परिवार में हुआ। उस समय शिक्षा हासिल करना भी आसान नहीं था। उन्होंने मातृभाषा तेलुगु में पढ़ाई की। जीवन में कुछ हासिल करने की जिद ने उन्हें कठिन परिस्थितियों से लड़ने और लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
छात्राएं सम्मानित
क्षेत्र शिक्षा अधिकारी गायत्री देवी सज्जन ने कहा कि विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम से तालुक के शैक्षणिक स्तर को मजबूती मिली है। यहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और मूल्य भी दिए जा रहे हैं।
समारोह में प्रथम स्थान की शांतव्वा रेड्डेर, द्वितीय श्रेया टोंगले व वीणा मररदनगौडर, तृतीय काव्या हुलिहोंड, चतुर्थ सृष्टि गुडिगेरी तथा पांचवें स्थान की माला माचापुर को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मोहम्मद रफीक नलवड़ी, बसवराज बुल्लापुर, रेणुका हरनाल, कमला हुडेदकर व नवीना सुंकद सहित अन्य हितचिंतकों का सम्मान किया गया। सतीश ने नोटबुक तथा ज्योतिबा कदम ने विद्यार्थियों को गणवेश वितरित किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महादेवप्पा वरदानी ने की। विनायक शेट ने संचालन, सी.एन. हंचिनमनी ने स्वागत तथा प्रधानाध्यापक संतोष बिजापुर ने प्रस्तावना रखी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

