त्योहारों के बीच आर्थिक संकट, राज्य सरकार से तत्काल भुगतान की मांग
हुब्बल्ली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (एनएचएम) के तहत राज्यभर में कार्यरत करीब 30 हजार कर्मचारियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। सितंबर का पहला सप्ताह बीतने के बावजूद जुलाई और अगस्त का वेतन लंबित है। गणेश चतुर्थी समेत लगातार आ रहे त्योहारों के बीच वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि नूल पूर्णिमा, नागपंचमी और वरमहालक्ष्मी जैसे त्योहार भी उन्होंने उधार लेकर मनाए। अब गणेश चतुर्थी सामने है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक वेतन जारी नहीं किया गया है। कर्नाटक राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के ठेका एवं आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने सरकार से तत्काल बकाया वेतन जारी करने की मांग की है।
15 से 40 हजार तक वेतन
एनएचएम के तहत करीब 27-28 हजार कर्मचारी ठेका व्यवस्था में हैं। इनमें नर्स, लैब टेक्नीशियन, प्राथमिक चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य निरीक्षक, फार्मासिस्ट, काउंसलर और प्रबंधन कर्मचारी शामिल हैं। वहीं करीब 2 हजार कर्मचारी आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत हैं, जिनमें ग्रुप-डी कर्मचारी, वाहन चालक और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। विभिन्न पदों के अनुसार कर्मचारियों को करीब 15 हजार से 40 हजार रुपए तक मासिक वेतन मिलता है।
पहले भी हुई थी देरी
अप्रेल में भी कर्मचारियों को फरवरी और मार्च का वेतन समय पर नहीं मिला था। आंदोलन की चेतावनी के बाद भुगतान किया गया था। उस समय सरकार ने खजाना विभाग के के-2 पोर्टल के विकास और तकनीकी दिक्कतों को देरी का कारण बताया था। कर्मचारी नेताओं के अनुसार अब पोर्टल व्यवस्था पूरी होने के बावजूद वेतन में देरी जारी है।
केंद्र का हिस्सा मिला, राज्य का इंतजार
एनएचएम कर्मचारियों के वेतन में केंद्र और राज्य सरकार की 60:40 हिस्सेदारी है। कर्मचारी संगठन का दावा है कि केंद्र का हिस्सा मिल चुका है, लेकिन राज्य सरकार का हिस्सा अभी जारी नहीं हुआ है। दोनों हिस्से मिलने के बाद ही कर्मचारियों को पूरा वेतन मिल पाता है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष श्रीकांत स्वामी ने सरकार से राज्य का हिस्सा तत्काल जारी कर दो माह का बकाया वेतन देने की मांग की है। उन्होंने संशोधित न्यूनतम वेतन के आदेश को एनएचएम कर्मचारियों पर लागू करने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधे ठेका कर्मचारी बनाने की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने की मांग की।
तत्काल कार्रवाई करे सरकार
“त्योहारों के बीच दो माह से वेतन नहीं मिला है। सरकार तत्काल कार्रवाई कर एनएचएम कर्मचारियों का वेतन जारी करे।”
–श्रीकांत स्वामी, प्रदेशाध्यक्ष, एनएचएम कर्मचारी संघ
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
