उड़ान योजना के तहत तीन वर्ष का करार पूरा होने से 21 नवंबर से उड़ानें बंद करने का प्रस्ताव
सेवा बहाल करने के लिए केंद्र से मांगी अनुमति
शिवमोग्गा। कर्नाटक राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (केएसआईआईडीसी) के अध्यक्ष एसजी नंजय्यमठ ने कहा कि उड़ान योजना के तहत विमान सेवा का करार समाप्त होने के कारण शिवमोग्गा हवाई अड्डे से उड़ानें बंद होने की स्थिति बन गई है। हालांकि, अगले तीन से चार माह में विमान सेवा फिर शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शहर में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए नंजय्यमठ ने कहा कि उड़ान योजना के तहत विमान कंपनियों को मिलने वाली व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) सुविधा की अवधि समाप्त हो रही है। इस कारण विमान सेवा संचालक ने 21 नवंबर 2026 से उड़ानें बंद करने का प्रस्ताव रखा है। इससे शिवमोग्गा हवाई अड्डे पर नियमित वाणिज्यिक उड़ानें ठप होने की आशंका है।
नंजय्यमठ ने कहा कि शिवमोग्गा के साथ चिक्कमगलूरु, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और हावेरी जिलों के आर्थिक, पर्यटन और शैक्षणिक विकास के लिए हवाई संपर्क महत्वपूर्ण है। संशोधित क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान 6.0 के तहत शिवमोग्गा से प्रस्तावित 13 नए मार्गों को विशेष प्राथमिकता देने के लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अनुरोध किया गया है।
करार बढ़ाने के लिए केंद्र से आग्रह
उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के तहत तीन वर्ष का करार पूरा होने से शिवमोग्गा, बेंगलूरु, मैसूरु, हुब्बल्ली, कलबुर्गी और बेलगावी सहित कई हवाई अड्डों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। विमान सेवा जारी रखने और करार की अवधि बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र के मंत्रियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। योजना में केंद्र की 80 और राज्य की 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस संबंध में केंद्र की अनुमति की प्रतीक्षा है। सांसदों को भी इस विषय से अवगत कराया गया है।
रात्रि उड़ान सुविधा का काम 95 प्रतिशत पूरा
हवाई अड्डे पर रात्रि में विमान उतारने की सुविधा से जुड़े कार्य 95 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। शेष काम कुछ माह में पूरा होने की उम्मीद है। उड़ान परीक्षण और उपकरणों के अंशांकन के लिए बेंगलूरु से विशेष विमान आएगा। विशेषज्ञ दल की रिपोर्ट के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सुविधा चालू की जाएगी।
नंजय्यमठ ने कहा कि हवाई अड्डे पर कार्यरत 80 कर्मचारियों को सेवा में बनाए रखा गया है और उन्हें नियमित वेतन दिया जा रहा है। हवाई अड्डे के लिए भूमि देने वाले किसानों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी जारी है। शेष समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।
संवाददाता सम्मेलन में योगेश, हवाई अड्डे के निदेशक शमंत और केएसआईएसएफ के सहायक कमांडेंट शशिकुमार नायक उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

