सडक़ चौड़ीकरण के चलते वर्तमान प्रतिमा स्थानांतरित कर भव्य नई प्रतिमा बनाने का आग्रह
हुब्बल्ली। लैमिंग्टन रोड स्थित सर सिद्दप्पा कंबली की प्रतिमा को महानगर निगम कार्यालय परिसर के उद्यान में स्थानांतरित कर भव्य रूप से पुनर्निर्मित करने की मांग को लेकर सर सिद्दप्पा कंबली मेमोरियल ट्रस्ट एवं प्रशंसक संघ ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
प्रशंसक संघ के नेता राजशेखर मेणसिनकाई के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सडक़ चौड़ीकरण के कारण वर्तमान प्रतिमा को उचित स्थान पर स्थानांतरित किया जाना आवश्यक है। कम ऊंचाई वाली प्रतिमा के स्थान पर 5 से 6 फुट ऊंची नई प्रतिमा, भव्य चबूतरा, विद्युत सज्जा और चारों ओर स्टील रेलिंग लगाने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि सर सिद्दप्पा कंबली ब्रिटिश शासनकाल में विभिन्न विभागों के मंत्री रहे और दक्षता व ईमानदारी से प्रशासन चलाया। डॉ. बी.आर. आंबेडकर से उनके घनिष्ठ संबंध थे। कानून एवं सामाजिक विकास से जुड़े विषयों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कर्नाटक विश्वविद्यालय, कर्नाटक साइंस कॉलेज तथा बेलगावी के केएलई संस्थान सहित कई शिक्षण संस्थाओं की स्थापना में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए कहा गया कि उन्होंने पिछड़े वर्गों के हितों के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किया।
प्रशंसक संघ ने सभी दलों के जनप्रतिनिधियों, नगर निगम पार्षदों और प्रगतिशील संगठनों से नई प्रतिमा के निर्माण में सहयोग की अपील की।
प्रतिनिधिमंडल में सदानंद डंगनवर, प्रशांत हावणगी, लिंगराज कंबली, महांतेश बतली, कोट्रेश एस.के. सहित अन्य मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

