धारवाड़ में 5 साल में 26,239 आवेदन आए, सिर्फ 10,376 श्रमिकों को मिला लाभ
हुब्बल्ली। बेटियों के विवाह के लिए सरकारी सहायता की आस लगाए भवन निर्माण श्रमिकों को धारवाड़ जिले में बड़ा झटका लगा है। पिछले पांच वर्षों में विवाह सहायता योजना के तहत दाखिल 26,239 आवेदनों में से 15,863 आवेदन, यानी करीब 60 प्रतिशत, खारिज कर दिए गए। केवल 10,376 श्रमिकों के आवेदन मंजूर हुए।
कर्नाटक भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिक को स्वयं अथवा उसके पहले दो बच्चों के विवाह पर 60 हजार रुपए की सहायता दी जाती है। तीसरे बच्चे के विवाह पर यह लाभ नहीं मिलता।
कर्ज लेकर शादी, सहायता का इंतजार
सहायता की उम्मीद में आवेदन करने वाले कई दिहाड़ी श्रमिक अब कर्ज के बोझ से परेशान हैं। हुब्बल्ली के एक श्रमिक ने बताया कि बेटी की शादी के लिए दो साल पहले आवेदन किया था, लेकिन अब तक सहायता नहीं मिली। शादी के लिए साहूकारों से लिया कर्ज चुकाना मुश्किल हो रहा है।
श्रमिक ईरप्पा हट्टी ने विवाह टूटने की स्थिति में बेटियों के पुनर्विवाह के लिए भी विशेष सहायता योजना शुरू करने की मांग की।
नियम और तकनीकी खामियां बनीं अड़चन
श्रम विभाग के अनुसार, श्रमिक का पंजीकरण विवाह की तारीख से कम से कम एक वर्ष पुराना होना चाहिए। विवाह के छह महीने के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। विवाह प्रमाणपत्र, उम्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों में विसंगति होने पर भी आवेदन निरस्त होते हैं। बैंक खाते का आधार से लिंक न होना और एनपीसीआइ मैपिंग नहीं होने से भुगतान अटक रहे हैं। फिलहाल 78 लाभार्थियों का भुगतान तकनीकी कारणों से लंबित है।
98 हजार आवेदन, 51 हजार निरस्त
पिछले पांच वर्षों में श्रमिक पंजीकरण के लिए 98,367 आवेदन आए, जिनमें 51,204 खारिज और 47,163 मंजूर हुए। सत्यापन के दौरान अपात्रता सामने आने पर 17,190 श्रमिक कार्ड रद्द किए गए।
जांच में पकड़े गए फर्जी कार्ड
फर्जी दस्तावेजों से बनाए गए कार्ड जांच में पकड़े गए। सभी नियम और दस्तावेज पूरे करने वाले पात्र श्रमिकों को ही डीबीटी के माध्यम से सहायता दी जा रही है।
–सचिन वाई. हलेमनी, सहायक श्रम आयुक्त, हुब्बल्ली-धारवाड़ संभाग
तालुकवार स्थिति
हुब्बल्ली में 9,661 में से 6,426 आवेदन खारिज हुए। कलघटगी में 5,588 में से 2,953, कुंदगोल में 3,114 में से 1,862, धारवाड़ में 2,807 में से 1,732, अण्णीगेरी में 2,087 में से 1,152, नवलगुंद में 1,494 में से 862 और अलनावर में 1,488 में से 876 आवेदन निरस्त हुए।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

