2026-27 में 2,194 आवेदन जमा
एक भी जोड़े को नहीं मिली प्रोत्साहन राशि
अनुदान की भारी कमी और दस्तावेजी प्रक्रियाओं में फंसी योजना
चालू वित्त वर्ष में अब तक शून्य राशि का भुगतान
शिवमोग्गा। जातिगत बंधनों को तोडक़र समाज का सामना करते हुए विवाह करने वाले नवदंपतियों के लिए अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ पाना एक बड़ी चुनौती बन गया है। सामाजिक परिवर्तन का प्रतीक बनने वाली यह महत्वाकांक्षी योजना बजटीय आवंटन में देरी और जटिल कागजी प्रक्रियाओं के कारण दम तोड़ती नजर आ रही है। समाज कल्याण विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक जमा हुए 2,194 आवेदनों में से एक भी जोड़े को प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है।
योजना के प्रावधान और बजटीय संकट
अस्पृश्यता को समाप्त करने के उद्देश्य से लागू इस योजना के तहत अनुसूचित जाति (एससी) या अनुसूचित जनजाति (एसटी) के पुरुष द्वारा अन्य जाति की महिला से विवाह करने पर 2.50 लाख रुपए तथा महिला द्वारा अन्य जाति के पुरुष से विवाह करने पर 3.00 लाख रुपए की सहायता दी जाती है।
वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य भर से कुल 5,612 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से केवल 1,615 (28.77 प्रतिशत) को ही पहली किस्त के लिए मंजूरी मिली और मात्र 39 जोड़ों को राशि का भुगतान किया गया। शेष 3,997 आवेदन लंबित पड़े हैं। वहीं वर्ष 2026-27 में अब तक 2,194 आवेदन आ चुके हैं, जिनमें से 61 को मंजूरी मिली है, लेकिन राशि का भुगतान शून्य है।
वित्त विभाग को पत्र लिखा जाएगा
आर्थिक तंगी और सामाजिक बहिष्कार झेल रहे नवदंपतियों को समय पर सहायता न मिलने से असंतोष बढ़ रहा है। अनुदान की उपलब्धता के आधार पर वरिष्ठता के अनुसार प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की जा रही है। अतिरिक्त बजट जारी करने के लिए वित्त विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
–के.एच. मुनियप्पा, समाज कल्याण मंत्री
दबाव बनाया जाएगा
पूर्ववर्ती बजटीय कुप्रबंधन के कारण लाभार्थियों को यह नुकसान उठाना पड़ रहा है। नए मंत्री को जल्द से जल्द राशि जारी करने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
–एम. गुरुमूर्ति, राज्य संचालक, दलित संघर्ष समिति
वर्ष 2025-26 में सर्वाधिक आवेदन वाले शीर्ष 5 जिले
बेंगलूरु (शहरी) : 999 आवेदन (भुगतान – 0)
बेलगावी : 332 आवेदन (भुगतान – 0)
शिवमोग्गा: 308 आवेदन (भुगतान – 127)
मैसूरु: 302 आवेदन (भुगतान – 14)
तुमकूरु: 293 आवेदन (भुगतान – 77)
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

