स्नातक से पीजी डिप्लोमा तक अवसर, कई वर्गों के विद्यार्थियों को पूरी फीस माफी
धारवाड़। कुलपति प्रो. ए.पी. ज्ञानप्रकाश ने कहा कि कर्नाटक राज्य मुक्त विश्वविद्यालय (केएसओयू) में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा और प्रमाणपत्र सहित कुल 65 पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
एक साथ दो डिग्री की सुविधा
शहर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुलपति ने कहा कि विद्यार्थी एक साथ नियमित शिक्षा में एक और दूरस्थ शिक्षा में एक, यानी कुल दो डिग्री पाठ्यक्रम कर सकते हैं। विश्वविद्यालय में बीए, बीकॉम, बीएससी, एमए, एमकॉम, एमएससी और एमएसडब्ल्यू सहित विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हैं। राज्य में केएसओयू के 38 क्षेत्रीय केंद्र हैं, जहां शुल्क जमा कर प्रवेश लिया जा सकता है।
इन विद्यार्थियों को पूरी फीस माफी
अल्पसंख्यक समुदाय, लिंग अल्पसंख्यक, 50 प्रतिशत से अधिक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों तथा कोविड के कारण माता-पिता खो चुके बच्चों को पूरी फीस में छूट दी जाएगी। विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री समेत आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
ऑनलाइन पढ़ाई के भी विकल्प
केएसओयू में बीए सामान्य (इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान), बीकॉम, एमए (कन्नड़, अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र), एमकॉम, एमबीए और एमएससी गणित के ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
विदेशी भाषाओं पर भी जोर
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में विदेशी भाषा अध्ययन विभाग शुरू करने की योजना है। इसके लिए 100 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जापान और चीन सहित विभिन्न देशों के दूतावासों से जानकारी ली जा रही है। बल्लारी में जींस वस्त्र तथा यादगीर में सौर ऊर्जा से संबंधित कौशल प्रशिक्षण के अल्पकालिक पाठ्यक्रम शुरू करने की भी योजना है।
जेल के कैदियों को शिक्षा दिलाने की अपील
कुलपति ने कहा कि धारवाड़ कारागार में कई कैदियों में अध्ययन की रुचि है, लेकिन वे फीस भरने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने दानदाताओं से ऐसे कैदियों की फीस वहन कर उन्हें शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की।
संपर्क : केएसओयू क्षेत्रीय केंद्र, नवनगर, धारवाड़। दूरभाष : 0836-2441199, मोबाइल : 7019314679।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

