सडक़ और चौराहों पर यातायात में बाधा बन रहे फ्लेक्स हटाए
दो लोगों पर 4 हजार रुपए जुर्माना
शिवमोग्गा। शहर की प्रमुख सडक़ों और चौराहों पर यातायात एवं लोगों की आवाजाही में बाधा बन रहे फ्लेक्स और बंटिंग्स के खिलाफ महानगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
महानगर निगम आयुक्त मायण्णगौडऱ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षक वसंत कुमार के नेतृत्व में टीम ने सोमवार रात से शहर के विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाकर अवैध रूप से लगाए गए फ्लेक्स हटाए।
अभियान के दौरान खतरनाक तरीके से फ्लेक्स लगाने वाले दो लोगों पर 2-2 हजार रुपए का जुर्माना, यानी कुल 4 हजार रुपए की कार्रवाई की गई।
महानगर निगम प्रशासन के अनुसार, फ्लेक्स हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक स्थानों पर फ्लेक्स लगाने वालों के खिलाफ जुर्माना समेत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिकायतों के बाद हरकत में आया प्रशासन
महानगर निगम आयुक्त ने बताया कि शहर की प्रमुख सडक़ों और चौराहों पर बेतरतीब ढंग से फ्लेक्स लगाए जाने से पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। कई स्थानों पर फ्लेक्स इस तरह लगाए गए थे कि वे यातायात के लिए बाधा के साथ-साथ सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहे थे।
इन शिकायतों के बाद पालिका ने अब फ्लेक्स हटाने के साथ जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी शुरू की है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

