600 मीटर बाद विसर्जन जुलूस रोका
युवाओं की पुलिस से बहस, अनुमति मिलने तक विसर्जन नहीं पर अड़े
हावेरी। गणेश विसर्जन जुलूस में डीजे बजाने की अनुमति नहीं मिलने से नाराज युवाओं ने जुलूस बीच रास्ते में ही रोक दिया और गणेश प्रतिमा को वापस लाकर दोबारा स्थापित कर दिया। घटना हिरेकेरूर तालुक के चिक्केरूर गांव में हुई।
बनशंकरी गणेश युवा संघ की ओर से स्थापित गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए जुलूस निकाला गया था। पुलिस ने नियमों का हवाला देते हुए डीजे की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इस पर संघ के सदस्यों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हुई। युवाओं ने डीजे की अनुमति देने की मांग पर जोर दिया, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर करीब 600 मीटर आगे बढ़ चुका जुलूस रोक दिया गया।
इसके बाद युवक प्रतिमा को वापस गांव में लेकर आए और पुन: प्रतिष्ठापित कर दिया। संघ के सदस्यों ने कहा कि डीजे की अनुमति मिलने तक प्रतिमा का विसर्जन नहीं किया जाएगा।
युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि डीजे पर प्रतिबंध जारी रहा तो चिक्केरूर बंद का आह्वान किया जाएगा। घटना हंसभावी थाना क्षेत्र की है। तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस ने गांव में एहतियातन बंदोबस्त तैनात किया है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

