मारपीट कर पिता से पैसे लाने का दबाव
लाइव लोकेशन बनी पुलिस के लिए अहम सुराग
10 कॉलेज छात्र गिरफ्तार
दावणगेरे। कपड़ा व्यापारी का अपहरण कर मारपीट करने और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने के आरोप में विद्यनगर थाना पुलिस ने 10 कॉलेज छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, व्यापारी को वित्तीय लेन-देन पर चर्चा के बहाने शामनूर के पास बुलाया गया। वहां से आरोपी उसे कार में बैठाकर आंजनेय नगर स्थित एक मकान में ले गए। आरोप है कि वहां लकड़ी के टुकड़े और बीयर की बोतल से मारपीट कर पिता को फोन कराया गया और 10 लाख रुपए लाने का दबाव बनाया गया। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
लाइव लोकेशन से खुला सुराग
पीडि़त रोज परिवार के वाट्सऐप समूह में अपनी लाइव लोकेशन साझा करता था। घटना के दौरान यही लोकेशन परिवार के लिए अहम सुराग बनी। परिजन और स्थानीय लोग आंजनेय नगर पहुंचे तो आरोपियों ने भीड़ देख पीडि़त को छोड़ दिया और फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने गंगाराम पवार उर्फ बबलू समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक सभी अलग-अलग कॉलेजों में पढऩे वाले छात्र हैं। जांच में गंगाराम के खिलाफ दावणगेरे समेत अन्य जिलों में तीन मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

