मुंदरंगी के मुद्दाडी में झाडिय़ों के बीच खड़ी मिली बस
बाइक से आए दो संदिग्धों ने तडक़े दिया वारदात को अंजाम
उडुपी। शहर के चिटपाडी स्थित हनुमान पेट्रोल पंप के पीछे गैरेज के पास खड़ी एक निजी बस चोरी होने का मामला सामने आया है। उडुपी नगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चोरी की बस को कुछ ही घंटों में मुंदरंगी के पास मुद्दाडी इलाके से बरामद कर लिया। हालांकि, वारदात में शामिल दो संदिग्ध अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस के अनुसार, कुंदापुर के कटबेल्तूर निवासी कृष्णा (51) निजी बस में परिचालक हैं। 28 सितंबर की रात करीब 9.48 बजे उन्होंने बस चालक राहीज उच्छिल के साथ बस को चिटपाडी स्थित हनुमान पेट्रोल पंप के पीछे गैरेज के पास खड़ा किया था। रात करीब 10 बजे दोनों वहां से अपने घर चले गए।
अगली सुबह 29 सितंबर को ड्यूटी के लिए पहुंचे तो बस वहां नहीं मिली। इसके बाद कृष्णा ने उडुपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 29 सितंबर की तडक़े करीब 2 बजे दो अज्ञात व्यक्ति दोपहिया वाहन से मौके पर पहुंचे और बस लेकर फरार हो गए। पुलिस ने बस के संभावित मार्ग का पता लगाते हुए तलाश शुरू की। इसी दौरान बस मुंदरंगी के पास मुद्दाडी इलाके में झाडिय़ों के बीच खड़ी मिली।
पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। दोनों संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उडुपी नगर पुलिस ने तलाश तेज कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
