महिलाओं की टिकट राशि 556.41 करोड़ रुपए
रोजाना 26 लाख यात्री कर रहे हैं यात्रा
हुब्बल्ली. राज्य में शक्ति योजना शुरू होने के बाद से उत्तर-पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम के अंतर्गत आने वाले छह जिलों में अब तक 21.76 करोड़ महिलाएं यात्रा कर चुकी हैं।
परिवहन निगम के अधिकार क्षेत्र में धारवाड़, गदग, हावेरी, उत्तर कन्नड़, बागलकोट और बेलगावी सहित कुल 6 जिले आते हैं। इस योजना के शुरू होने के बाद से 10 नवंबर 2023 तक परिवहन निगम की बसों में यात्रा करने वाली महिलाओं की टिकट राशि 556.41 करोड़ रुपए हुई है। शक्ति योजना से पहले निगम की बसों में रोजाना 17 लाख यात्री सफर करते थे। शक्ति की योजना की शुरुआत के बाद से रोजाना 26 लाख यात्री यात्रा कर रहे हैं।
375 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया
सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए सितंबर में निगम को 50 नई बसें उपलब्ध कराई हैं। और 375 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार शहरी परिवहन की 100 बसें खरीदने की मंजूरी दी है।
जहां मांग है वहां अधिक बस सुविधा
निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि जिन रूटों पर अंतरराज्यीय यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या कम है, उन्हें चिन्हित कर वहां 2 फेरे कमकर, जहां लोगों की मांग अधिक है उन जगहों पर इन बसों को चलाया जा रहा है। उदाहरण के लिए, राज्य से महाराष्ट्र के लिए जाने वाली की दो फेरों में कटौती की गई है।
संविदा के आधार पर चालकों की भर्ती
निगम के जन सूचना अधिकारी एच. रामनगौडर ने बताया कि अनुबंध के आधार पर सितंबर में सिरसी डिवीजन के लिए 50 और चिक्कोडी डिवीजन के लिए 50 चालकों की भर्ती की गई है। निगम को सरकार ने जीसीसी (सकल लागत अनुबंध) मॉडल पर 450 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराएगी। बसों की आपूर्ति निजी कंपनियां करेंगी। बस परिचालक और चालकों की आपूर्ति की जिम्मेदारी निजी कंपनी की है। प्रबंधक परिवहन निगम करेगा। यह एक ऐसी योजना है जिसमें परिवहन निगम किसी निजी कंपनी को किलोमीटर परिवहन के आधार पर पैसा देगा। इस महीने के अंत तक सरकार के इसे मंजूरी देने की उम्मीद है।
4581 बसों का परिवहन
शक्ति योजना के बाद कुल 4,581 बसें 35,784 फेरों में चल रही हैं। रोजाना 26 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। पहले की तुलना में अब बसें 900 से ज्यादा फेरे लगा रही हैं।
भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी
सरकार ने परिवहन निगम के तहत 2,000 चालक कम परिचालकों के पदों को भरने की अनुमति दी है। निदेशक मंडल की मंजूरी मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
–भारत एस., प्रबंध निदेशक, उत्तर पश्चिम कर्नाटक सडक़ परिवहन निगम, हुब्बल्ली
यात्रा करने वाली महिलाओं की संख्या और मात्रा
माह – महिला यात्रियों की संख्या – राशि (करोड़ों में)
जून – 2,54,81,590 – – 65.15
जुलाई – 4,48,02,107 — 111.78
अगस्त – 4,61,14,029 — 115.42
सितंबर – 4,42,22,782 — 112.80
अक्टूबर – 4,24,17,448 — 116.06
नवंबर – 1,45,79,341 — 35.20
कुल – 21,76,17,297 — 556.41