हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली मट्टीकल गणेश की विसर्जन शोभायात्रा
लोककलाओं ने बढ़ाया उत्सव का रंग
पिछले वर्षों की घटनाओं के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी
दावणगेरे। भगवा ध्वजों की लहर, ढोल-ताशों की गूंज और गणपति बप्पा के जयकारों के बीच दावणगेरे में प्रसिद्ध मट्टीकल गणेशोत्सव की विसर्जन शोभायात्रा सोमवार को भव्य रूप से निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी, युवाओं का उत्साह और पारंपरिक लोककलाओं की प्रस्तुतियां यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। मट्टीकल, आनेकोंड और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने गणेश प्रतिमा की पूजा-अर्चना कर भावभीनी विदाई दी।
शोभायात्रा में ढोल-नृत्य, तमटे वादन और ड्रम दलों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। भगवा ध्वज थामे युवाओं की टोलियों ने उत्सव में नया जोश भरा। गणेश के जयकारों और भक्तों के उत्साह से यात्रा मार्ग देर तक गूंजता रहा।
राजनीतिक नेताओं ने भी की भागीदारी
शोभायात्रा में हरिहर के भाजपा विधायक बी.पी. हरीश, दावणगेरे महानगर निगम के पूर्व महापौर एस.टी. वीरेश और डूडा के पूर्व अध्यक्ष राजनहल्ली शिवकुमार सहित कई राजनीतिक नेता शामिल हुए।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल
पिछले वर्षों की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस ने शोभायात्रा मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए गए। नगर पुलिस उपाधीक्षक शरण बसवेश्वर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की।
भव्य आयोजन के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के समन्वय से विसर्जन शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भक्ति, लोकसंस्कृति और युवाओं के उत्साह से सजी मट्टीकल गणेश की विदाई ने शहर के गणेशोत्सव को यादगार बना दिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

