दो किन्नरों पर बंधक बनाकर प्रताडि़त करने और भीख मंगवाने का आरोप
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज
शल्यक्रिया के बाद गर्म अंगारों से दागने का भी आरोप
अस्पताल में युवक का उपचार जारी
चित्रदुर्ग। शहर में 22 वर्षीय दलित युवक के कथित अपहरण और उसकी इच्छा के विरुद्ध लिंग परिवर्तन की शल्यक्रिया कराने का गंभीर मामला सामने आया है। युवक के पिता ने दो किन्नरों अनुश्कम्मा और नलिनम्मा पर उसे बंधक बनाने, प्रताडि़त करने और भिक्षावृत्ति के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, शल्यक्रिया के बाद युवक को गर्म अंगारों से भी दागा गया। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, युवक चित्रदुर्ग में फूल बेचता था और नियमित रूप से अनुश्कम्मा के घर फूल पहुंचाने जाता था। आरोप है कि इसी दौरान उसे अपने कब्जे में लेकर महिलाओं के कपड़े पहनने और नृत्य करने के लिए मजबूर किया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 1 सितंबर को दोनों युवक को दावणगेरे के एक अस्पताल ले गईं और उसकी इच्छा के विरुद्ध लिंग परिवर्तन की शल्यक्रिया कराई। इसके बाद उसे चित्रदुर्ग के बुद्धनगर स्थित एक घर में कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि 11 सितंबर को पूजा के दौरान शल्यक्रिया वाले हिस्से पर गर्म अंगारों की आंच दी गई, जिससे उसकी दोनों जांघें झुलस गईं।
आरोपों के अनुसार, 29 सितंबर को युवक को चल्लकेरे गेट के पास छोड़ दिया गया और भीख मांगने के लिए कहा गया। 2 अक्टूबर को उसने अपनी मां को फोन कर आपबीती बताई। इसके बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए।
पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। चित्रदुर्ग नगर पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी की प्रति मिलने के बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले में जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
