एनडीए उम्मीदवार उतारने का ऐलान
2028 में मुख्यमंत्री कौन, फैसला चुनाव बाद होगा
कलबुर्गी। पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येडियूरप्पा ने घोषणा की कि कर्नाटक में होने वाले आगामी सभी चुनाव भाजपा और जेडीएस मिलकर लड़ेंगे तथा एनडीए उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने गठबंधन को लेकर स्पष्ट निर्णय लिया है।
कलबुर्गी में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए येडियूरप्पा ने कहा कि फिलहाल लक्ष्य मिलकर चुनाव लडऩा है। गठबंधन सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा। भाजपा और जेडीएस दोनों मिलकर चुनावी मैदान में उतरने पर सहमत हैं।
आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव गठबंधन की पहली बड़ी परीक्षा माने जा रहे हैं। चार सीटों में भाजपा दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक और उत्तर-पूर्व शिक्षक क्षेत्र में उम्मीदवार उतार रही है, जबकि बेंगलूरु शिक्षक क्षेत्र जेडीएस के हिस्से में है। दोनों दलों ने चारों सीटों पर संयुक्त रूप से चुनाव लडऩे का फैसला किया है।
येडियूरप्पा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है और लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने 2028 के विधानसभा चुनाव में भाजपा-जेडीएस गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया।
एसआइआर पर उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में यदि गलतियां हुई हैं तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। सरकारी कर्मचारियों पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर दबाव बनाना उचित नहीं है।
उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिक्षकों और अध्यापकों के पद रिक्त होने, किसानों से किए गए वादे पूरे नहीं होने तथा अन्य मुद्दों को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए।
संवाददाता सम्मेलन में भगवंत खूबा, उमेश जाधव, बी.वाई. विजयेंद्र समर्थक कई नेता, विधायक और विधान परिषद सदस्य मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

