आधी रात तक चल रहा था कारोबार
कई जगह तेज संगीत, नाबालिग भी मिले
कुछ प्रतिष्ठान तत्काल बंद
बेलगावी। शहर में रात 11 बजे के बाद भी क्लब, पब, रेस्तरां और ढाबे बेधडक़ खुले रखने वालों पर पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ा शिकंजा कसा। पुलिस ने एक साथ 40 ठिकानों पर छापेमारी कर समय-सीमा समेत कई नियमों की धज्जियां उड़ाए जाने का खुलासा किया।
कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में नाबालिग भी मिले, जबकि कई जगह निर्धारित समय के बाद भी कारोबार और तेज आवाज में संगीत जारी था। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद कराया और संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
40 ठिकानों पर अचानक दबिश, मचा हडक़ंप
पुलिस आयुक्त प्रकाश निक्कम के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से देर रात तक कारोबार चलाने वाले प्रतिष्ठानों में हडक़ंप मच गया। पुलिस टीमों ने क्लब, पब, रेस्तरां और ढाबों में पहुंचकर निर्धारित समय के पालन, ग्राहकों की पहचान और अन्य नियमों की जांच की। कुछ स्थानों पर नाबालिगों की मौजूदगी मिलने पर उनके पहचान-पत्र भी जांचे गए।
पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय के बाद प्रतिष्ठान खुले रखना और तेज आवाज में संगीत बजाना प्रमुख उल्लंघनों में सामने आया है। पुलिस ने संचालकों को स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी जारी रही तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी रातों में महिलाओं की सुरक्षा भी निशाने पर
नवरात्रि और डांडिया आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। प्रमुख डांडिया स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि छेड़छाड़ या अन्य अप्रिय घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने साफ किया है कि देर रात तक नियमविरुद्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा। त्योहारी सीजन में शहर के मनोरंजन स्थलों और आयोजनों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

