एक किलोमीटर दूर से पानी ढो रहे 2,000 ग्रामीण, जल योजना अधूरीसुरपुर तालुक के हालभावी गांव में जल संकट, दूर-दराज से पानी लाने के लिए लगी ग्रामीणों की कतार।

400 से अधिक घरों में गर्मी से शुरू हुआ जल संकट अब भी बरकरार

4-5 हजार रुपए खर्च कर ठेले खरीदने को मजबूर ग्रामीण

काम पूरा करने के लिए एक महीने का और इंतजार

सुरपुर (योदगीर)। घरों में नल से पानी पहुंचाने की योजना अधूरी है और ग्रामीणों को एक किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। यादगीर जिले के सुरपुर तालुक के हालभावी गांव में 400 से अधिक परिवारों की यही रोजमर्रा की जद्दोजहद है।

सिर पर पानी के मटकी उठाना मुश्किल हुआ तो ग्रामीणों ने अपनी जेब से 4,000 से 5,000 रुपए खर्च कर हाथठेले खरीद लिए। अब सुबह से शाम तक ठेलों पर छह से आठ मटकियां लादकर पानी लाना उनकी मजबूरी है। विडंबना यह है कि घर-घर जलापूर्ति के लिए शुरू की गई जल जीवन मिशन की योजना दो साल बाद भी अधूरी है, जबकि पुरानी पाइपलाइन टूटने से पानी की आपूर्ति भी बंद हो चुकी है।

देवतकल ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले हालभावी गांव की आबादी 2,000 से अधिक है। पिछले साल की गर्मियों से शुरू हुआ जल संकट अब तक दूर नहीं हुआ। गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खुले कुएं के पास बने दो टंकियों से ग्रामीण पानी लाते हैं। बिजली गुल होने पर पानी भरने की व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे में महिलाओं, बुजुर्गों और दूसरे ग्रामीणों के लिए पानी जुटाना रोज का कठिन काम बन गया है।

दो साल से अधूरी योजना, पाइपलाइन भी ठप

जल जीवन मिशन के तहत दो साल पहले गांव में जलापूर्ति का काम शुरू हुआ था। योजना के अनुसार खुले कुएं से पानी दो टंकियों में जमा कर पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचाया जाना था। लेकिन ठेकेदार आधा काम छोडक़र चला गया। ग्राम पंचायत के अनुदान से चल रही पुरानी पाइपलाइन भी खराब गुणवत्ता के कारण पिछली गर्मियों में जगह-जगह टूट गई। इसके बाद जलापूर्ति बंद हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि धन की कमी का हवाला देकर मरम्मत नहीं कराई गई। विभागों के चक्कर लगाने और ज्ञापन देने के बावजूद समस्या जस की तस है।

अधिकारी ने स्थायी समाधान का भरोसा दिया है। लेकिन हालभावी के ग्रामीणों के लिए फिलहाल राहत का कोई तात्कालिक रास्ता नजर नहीं आता। योजना का उद्देश्य घर-घर पानी पहुंचाना था, मगर हकीकत यह है कि ग्रामीण आज भी ठेलों पर पानी ढो रहे हैं और समाधान के लिए उन्हें एक महीना और इंतजार करना पड़ सकता है।

राज्य किसान संघ की जिला समिति के अध्यक्ष अय्यन्ना जंबलदिन्नी ने आरोप लगाया कि केवल पाइपलाइन का काम पूरा करने पर 3 से 4 लाख रुपए खर्च हो सकते हैं। कम लागत में समस्या सुलझ सकती है तो 13 लाख रुपए की परियोजना और निविदा प्रक्रिया के नाम पर देरी क्यों की जा रही है।

मंजूरी मिली, फिर भी एक महीने का इंतजार

अधूरे काम को पूरा करने के लिए कार्यबल निधि से 13 लाख रुपए की मंजूरी मिली है। लेकिन लागत 5 लाख रुपए से अधिक होने के कारण निविदा प्रक्रिया अपनानी होगी। ऐसे में काम शुरू होने में करीब एक महीने का समय लग सकता है।
–एच.डी. पाटील, सहायक कार्यकारी अभियंता, ग्रामीण जलापूर्ति एवं स्वच्छता विभाग

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *