जन्म के कुछ घंटे बाद ही लावारिस छोड़ा
ग्रामीणों ने बचाकर अस्पताल पहुंचाया, पुलिस ने शुरू की जांच
चित्रदुर्ग। जन्म के कुछ ही घंटे बाद एक नवजात बच्ची को थैले में डालकर तालाब के पास लावारिस छोडऩे का मामला सामने आया है। चित्रदुर्ग तालुक के गोनूर गांव में शनिवार सुबह हुई इस घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। समय रहते बच्ची पर ग्रामीणों की नजर पड़ गई और उन्होंने उसे सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहरी इलाके में स्थित तालाब के पास ग्रामीणों को एक थैला पड़ा दिखाई दिया। संदेह होने पर उन्होंने उसे खोलकर देखा तो अंदर नवजात बच्ची मिली। ग्रामीणों ने तत्काल बच्ची को बाहर निकाला और उसकी देखभाल शुरू की। गांव की महिलाओं ने उसे साफ किया और जरूरी देखभाल की।
सूचना मिलने पर बाल कल्याण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया। इसके बाद उसे चित्रदुर्ग जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची की हालत स्थिर है।
अमानवीय कृत्य से ग्रामीणों में रोष
जन्म के कुछ ही घंटों बाद बच्ची को इस तरह लावारिस छोडऩे की घटना से गांव में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए बच्ची को तालाब के पास छोडऩे वालों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

