कोप्पल जिला प्रशासन की कार्रवाई से विवाद गहराया
आठ कार्यालयों के ताले तोड़े, बाबा ने अदालत का आदेश दिखाने की दी चुनौती
कोप्पल। हनुमान जन्मस्थली अंजनाद्रि मंदिर के प्रबंधन और अधिकार को लेकर प्रधान पुजारी विद्यादास बाबा तथा कोप्पल जिला प्रशासन के बीच टकराव बढ़ गया है। मंदिर का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मंदिर के आठ कार्यालयों पर बाबा द्वारा लगाए गए ताले तोड़ दिए। पहाड़ी पर लगाए गए ट्रस्ट के बैनर भी हटा दिए गए और बाबा द्वारा नियुक्त कर्मचारियों को बाहर कर दिया गया। प्रशासन ने अपने कर्मचारियों को मंदिर में कामकाज संभालने का निर्देश दिया है।
कार्रवाई के लिए उपविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम अंजनाद्रि पहाड़ी पहुंची। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई पर विद्यादास बाबा ने कड़ी आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि अधिकारियों ने कानून का उल्लंघन किया है।
अदालत का आदेश दिखाने की चुनौती
कार्रवाई के दौरान बाबा और अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई। विद्यादास बाबा ने अधिकारियों से सवाल किया कि अदालत का आदेश दिखाने के बाद ही कार्रवाई करनी चाहिए। मंदिर के प्रबंधन और अधिकार को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच विवाद और गहरा गया है।
पूजा के अधिकार पर हाईकोर्ट का फैसला
अंजनाद्रि मंदिर में पूजा-अर्चना के अधिकार को लेकर पहले से कानूनी विवाद चल रहा था। इस मामले में कर्नाटक हाईकोर्ट ने वर्ष 2018 के अधिसूचना आदेश को रद्द करते हुए पूर्व पुजारी विद्यादास बाबा को पूजा करने की अनुमति दी थी। न्यायाधीश एम. नागप्रसन्न की पीठ का यह आदेश 7 सितंबर को जिला प्रशासन को भी प्राप्त हुआ था।
इसके बाद विद्यादास बाबा वकीलों और श्रद्धालुओं के साथ अंजनाद्रि पहुंचे थे। बाबा और उनके समर्थकों का दावा है कि आदेश के अनुसार अंजनाद्रि पहाड़ी पर सरकार या जिला प्रशासन का अधिकार नहीं है और इसका प्रबंधन ट्रस्ट के अधीन होना चाहिए। दूसरी ओर, जिला प्रशासन का कहना है कि अदालत ने बाबा को केवल पूजा करने की अनुमति देने और उनके लिए एक कमरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
अदालत के आदेश की व्याख्या और मंदिर के प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अब विवाद के आगे बढऩे की आशंका है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

