कृषि और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल के तहत कोटेकल गांव पहुंचीं बागलकोट की छात्राएं
फसल उत्पादन और कृषि योजनाओं की ली जानकारी
गुलेदगुड्ड (बागलकोट)। विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा के साथ खेती-किसानी का व्यावहारिक अनुभव देने के उद्देश्य से सरकार की नई ‘ग्रामानुभव’ योजना शुरू की गई है। कृषि और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 1 नवंबर को योजना का शुभारंभ हुआ। इसके तहत बागलकोट शहर के सरकारी बालिका प्री-यूनिवर्सिटी (पीयू) कॉलेज की छात्राओं ने गुलेदगुड्ड तालुक के कोटेकल गांव में किसान महागुंडप्पा कमतर के खेत का दौरा कर कृषि गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान कृषि अधिकारी आनंद गौडर ने छात्राओं को योजना के उद्देश्य और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को खेती की ओर आकर्षित करना जरूरी है। विद्यार्थी कृषि की बारीकियों और आधुनिक तकनीकों को समझेंगे, तभी खेती को अधिक तकनीकी और उन्नत बनाने में मदद मिलेगी।
जैविक खेती अपनाने पर जोर
किसान महागुंडप्पा कमतर ने कहा कि विद्यार्थियों को खेती से जोडऩे वाले ऐसे सरकारी कार्यक्रम अधिक आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने जैविक खेती के प्रति रुचि बढ़ाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ कृषि करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में कॉलेज के व्याख्याता और छात्राएं उपस्थित थीं।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

