150 मीटर नया फुटपाथ, 100 मीटर घुमावदार पथ के साथ उद्यान और 3डी भित्तिचित्र से बदला परिसर
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के ‘पैदल यात्री पहले’ अभियान के तहत शामलदास गांधी मार्ग (प्रिंसेस स्ट्रीट) फ्लाईओवर के नीचे विकसित परिसर का मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक राहुल नार्वेकर ने लोकार्पण किया। पहले उपेक्षित और अतिक्रमण से प्रभावित रहे इस परिसर को अब सुरक्षित पैदल मार्ग, उद्यान और हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है।
फ्लाईओवर के नीचे ई रोड और एच रोड क्षेत्र में पहले पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग नहीं था। एच रोड की चौड़ाई महज चार मीटर होने और सार्वजनिक शौचालय, महानगरपालिका बैंक तथा कचरा प्रबंधन चौकी जैसी संरचनाओं के कारण लोगों को सडक़ पर चलना पड़ता था। मनपा ने इन संरचनाओं को वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित कर जगह खाली कराई और पैदल मार्ग विकसित किया।
250 मीटर क्षेत्र का कायापलट
ई रोड पर करीब 150 मीटर लंबा नया फुटपाथ और एच रोड पर 100 मीटर लंबा घुमावदार पैदल मार्ग बनाया गया है। ई रोड की दीवार पर करीब 400 वर्गमीटर क्षेत्र में 3डी भित्तिचित्र बनाया गया है। करीब 250 मीटर लंबे पूरे परिसर में सजावटी विद्युत खंभे लगाए गए हैं।
फ्लाईओवर के नीचे उद्यान विकसित कर पौधारोपण और भू-दृश्य सज्जा की गई है। कम धूप में भी पनपने वाले पौधों का चयन किया गया है। उद्यान की देखभाल और सुरक्षा के लिए 45 वर्गमीटर की बहुउद्देशीय संरचना बनाई गई है। साथ ही हरित क्षेत्र में स्वचालित बूंद सिंचाई व्यवस्था भी शुरू की गई है।
लोकार्पण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने परियोजना के बदलाव पर संतोष जताया। इस अवसर पर सी व डी प्रभाग समिति अध्यक्ष आकाश पुरोहित, नगरसेविका रीटा मकवाना, उपायुक्त चंदा जाधव और सहायक आयुक्त सुनील माने मौजूद थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

