बंजारा समाज की अनूठी पहल
तांडा प्रमुखों और कारबारी नेताओं ने जारी किए सख्त निर्देश
नियम तोडऩे पर कार्रवाई की चेतावनी
रायचूर। मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों के लिए बेटी की शादी करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है। महंगाई के दौर में दहेज देने और शादी का खर्च उठाने के लिए कई परिवारों को कर्ज लेना पड़ता है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए बंजारा समाज ने सराहनीय पहल की है। समाज ने दहेज प्रथा पर रोक लगाते हुए बिना दहेज विवाह करने के निर्देश जारी किए हैं।
रायचूर जिले के देवदुर्ग तालुक के करीब 70 तांडों में तांडा प्रमुखों और कारबारियों ने यह फैसला लागू किया है। इससे बेटियों के माता-पिता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। समाज के वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं और परिवारों से दहेज रहित विवाह को अपनाने की अपील की है।
पहले विवाह तय होने के दौरान लडक़े वालों को नकदी, सोने के आभूषण और अन्य उपहार देने की परंपरा थी। इसके चलते गरीब परिवार कर्ज के बोझ तले दब जाते थे। कई परिवारों को अपनी संपत्ति तक बेचनी पड़ती थी। इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए समाज के वरिष्ठजन लगातार जागरूकता अभियान चला रहे हैं।
शादी के कर्ज ने बनाया पलायन को मजबूर
तांडों में कई परिवारों की स्थिति ऐसी है कि बेटी की शादी के लिए लिया गया कर्ज चुकाने के लिए पूरे परिवार को मुंबई, पुणे, बेंगलूरु और हैदराबाद जैसे शहरों में मजदूरी करने जाना पड़ता है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार चलाने वाले लोग दहेज के कारण वर्षों तक कर्ज में डूबे रहते हैं।
इस कुप्रथा के खिलाफ सबसे पहले गदग जिले के तांडों में ऐसी पहल शुरू हुई थी। पिछले वर्ष विजयपुर जिले में भी दहेज रहित विवाह का निर्णय लिया गया। अब रायचूर जिले के करीब 70 तांडों में यह व्यवस्था लागू की गई है। जिले में बंजारा समाज की आबादी करीब डेढ़ लाख बताई गई है। पिछले अक्टूबर से यह नियम प्रभावी है।
नियम तोडऩे पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
तांडों में सामाजिक परंपराओं और सामुदायिक व्यवस्थाओं में नायक और कारबारी नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन्हीं नेताओं ने दहेज के खिलाफ सख्त निर्देश जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
बेटियों के माता-पिता को कर्ज से बचाना उद्देश्य
गोर सेना संगठन के जिलाध्यक्ष रमेश राठौड़ ने बताया कि गरीबी के कारण बेटियों की शादी में दहेज देना माता-पिता के लिए भारी आर्थिक बोझ बन गया था। कई परिवार कर्ज लेकर दहेज देने को मजबूर थे। इस स्थिति को देखते हुए समाज के वरिष्ठजनों ने दहेज रहित विवाह का निर्णय लिया और सभी तांडों में इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अब तक कई परिवार बिना दहेज विवाह के लिए आगे आए हैं।
प्रमुख तथ्य
– रायचूर जिले के देवदुर्ग तालुक के 70 तांडों में पहल।
– बंजारा समाज की आबादी करीब 1.50 लाख।
– पिछले अक्टूबर से लागू हुआ निर्णय।
– दहेज लेने-देने पर रोक और उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी।
– गदग और विजयपुर के बाद रायचूर में पहल।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
