‘नार्क रिपोर्टर’ वेबसाइट शुरू, पहचान उजागर किए बिना दे सकेंगे सूचना
फोटो और वीडियो भी अपलोड करने की सुविधा
बल्लारी। जिले में गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी और इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए बल्लारी जिला पुलिस ने ‘नार्क रिपोर्टर’ (नारकोटिक्स रिपोर्टर) नाम से एक नई वेबसाइट शुरू की है। इसके माध्यम से आम नागरिक अपनी पहचान उजागर किए बिना मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी जानकारी पुलिस तक पहुंचा सकेंगे।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. सुमन डी. पेन्नेकर के अनुसार, इस डिजिटल मंच पर कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी में जानकारी दी जा सकती है। इसके लिए अलग से मोबाइल ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। क्यूआर कोड स्कैन करके या वेबसाइट https://narc-reporter-web.emergent.host/ खोलकर सीधे सूचना दर्ज की जा सकती है।
किस तरह की जानकारी दे सकेंगे
नागरिक जिले में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी, अवैध भंडारण और वितरण के बारे में जानकारी साझा कर सकते हैं। ऑनलाइन माध्यमों और सामाजिक (सोशल) मीडिया के जरिए होने वाले नशीले पदार्थों के कारोबार, संदिग्ध वाहनों, अवैध भंडारण स्थलों तथा बिक्री के अड्डों की सूचना भी दी जा सकती है।
सूचना देने वाले संबंधित स्थान का विवरण देने के साथ फोटो, वीडियो और उपलब्ध अन्य साक्ष्य भी अपलोड कर सकते हैं। इससे पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों और ठिकानों का पता लगाने तथा जांच और कार्रवाई में मदद मिलेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेगी सूचना
पुलिस के अनुसार, इस मंच पर प्राप्त जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों के सुरक्षित प्रशासनिक पोर्टल पर पहुंचेगी। वहां उसकी जांच और विश्वसनीयता का आकलन करने के बाद मामले की गंभीरता के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखना इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
राष्ट्रीय स्तर पर भी हेल्पलाइन
देशभर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना देने के लिए केंद्र सरकार के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के तहत संचालित ‘मानस’ हेल्पलाइन भी उपलब्ध है। इसके टोल-फ्री नंबर 1933 पर चौबीसों घंटे गुमनाम रूप से सूचना दी जा सकती है। वेबसाइट और उमंग ऐप के जरिए भी जानकारी साझा करने की सुविधा है।
बल्लारी पुलिस ने अभिभावकों, शिक्षकों, युवाओं और आम नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया गया है। आपातकालीन सहायता के लिए 112 और जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9480803000 पर संपर्क किया जा सकता है।
नशे की लत से जूझ रहे लोगों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श की खातिर टेली-मानस के नंबर 14416 और 1800-891-4416 उपलब्ध हैं। वहीं, नशामुक्ति और पुनर्वास संबंधी मार्गदर्शन के लिए 14446 हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

