17 नवंबर को धारवाड़ में राज्यस्तरीय आंदोलन
17 मांगों को लेकर सरकार को ज्ञापन देंगे शिक्षण संस्थानों के संचालक और कर्मचारी
धारवाड़। निजी अनुदानित और गैर-अनुदानित शिक्षण संस्थानों की समस्याओं तथा कर्मचारियों की मांगों को लेकर 17 नवंबर को धारवाड़ में राज्यस्तरीय आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो 18 नवंबर से राज्यभर के निजी स्कूल-कॉलेज अनिश्चितकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
कर्नाटक राज्य माध्यमिक विद्यालय कर्मचारी संघ और निजी शिक्षण संस्थान प्रबंधन संघ के नेतृत्व में वरिष्ठ नेता विधान परिषद सदस्य बसवराज होरट्टी के मार्गदर्शन में यह आंदोलन होगा। सुबह 10.30 बजे शुरू होने वाले प्रदर्शन में सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों के संचालक, प्रधानाचार्य, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी शामिल होंगे। प्रदर्शनकारी सुबह 11.30 बजे कडपा मैदान में एकत्र होकर जुलूस के रूप में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।
पुरानी पेंशन सहित 17 मांगें
संगठनों ने 1 अप्रेल 2006 के बाद नियुक्त अनुदानित संस्थानों के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने, मान्यता और अनुदान संबंधी समस्याएं दूर करने तथा 1995 के बाद शुरू हुए गैर-अनुदानित कन्नड़ माध्यम स्कूलों को अनुदान के दायरे में लाने की मांग की है। इसके अलावा अनुदानित स्कूलों में 2015 से रिक्त शिक्षक और गैर-शिक्षक पदों को भरने की अनुमति तथा द्विभाषी शिक्षा व्यवस्था का विस्तार करने सहित कुल 17 मांगें रखी जाएंगी।
संघ के प्रतिनिधि जी.आर. भट्ट ने बताया कि सरकार ने मांगों पर कार्रवाई नहीं की तो 18 नवंबर से निजी अनुदानित और गैर-अनुदानित स्कूल-कॉलेज अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
