एसआईआर के बाद पंचायत चुनावों में बदलेगा बूथों का गणित
पहले 1,500 मतदाताओं पर था एक बूथ, संख्या बढऩे से कतारें होंगी छोटी
हुब्बल्ली। मतदान के दिन लंबी कतारों में इंतजार करने की परेशानी कम करने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। जिला पंचायत और तालुक पंचायत चुनावों में एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की सीमा तय करने पर विचार किया जा रहा है। अभी तक औसतन 1,500 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया जाता रहा है। नई व्यवस्था लागू होने पर अधिक बूथ बनेंगे और मतदाताओं को मतदान के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा।
राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 4.55 करोड़ रह गई है। मृतक, दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित, पते पर नहीं मिले तथा दोहरे और फर्जी नामों सहित करीब 99 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। इसके बाद निर्वाचन आयोग मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या का नए सिरे से आकलन कर रहा है।
आयोग का उद्देश्य सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान के दौरान भीड़ और लंबी कतारों को नियंत्रित करना है। 60 से 80 प्रतिशत मतदान होने की स्थिति में भी मतदाताओं को अधिक समय तक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए बूथों पर मतदाताओं की संख्या सीमित रखने की योजना है। हालांकि, 1,200 मतदाताओं की अधिकतम सीमा पर अंतिम निर्णय केंद्रीय निर्वाचन आयोग को लेना होगा।
पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत और तालुक पंचायत चुनावों की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में मुद्रण, लेखन सामग्री एवं प्रकाशन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर मतपत्रों के लिए कागज और छपाई की व्यवस्था पर चर्चा की गई है। विभाग ने समय पर सामग्री उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
मतपेटियों का ब्योरा जुटा रहा आयोग
पंचायत चुनाव मतपत्रों से कराने की तैयारी के बीच आयोग ने सभी जिलाधिकारियों से अच्छी स्थिति में उपलब्ध मतपेटियों की जानकारी मांगी है। जहां मतपेटियों की कमी होगी, वहां अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।
आरक्षण की अंतिम सूची का इंतजार
प्रदेश की 30 जिला पंचायतों और 234 तालुक पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की श्रेणीवार अंतिम आरक्षण सूची अभी जारी नहीं हुई है। ग्रामीण विकास विभाग ने प्रारूप सूची पर 19 अक्टूबर तक आपत्तियां मांगी थीं। इस दौरान 2,200 से अधिक आपत्तियां प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच चल रही है। अंतिम आरक्षण सूची जारी होने के बाद निर्वाचन आयोग चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची की प्रतीक्षा
एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग केंद्रीय निर्वाचन आयोग से अंतिम मतदाता सूची मिलने का इंतजार कर रहा है। इसके लिए 27 अक्टूबर को पत्र लिखकर निर्धारित प्रारूप में सूची प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। सूची मिलने के बाद जिला और तालुक पंचायत क्षेत्रों के अनुसार मतदाता सूचियां तैयार की जाएंगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
