एक महीने में दाम लगभग दोगुने, खुदरा भाव 100 रुपए किलो के पार
खानावली संचालकों के सामने कारोबार का संकट
हुब्बल्ली। उत्तर कर्नाटक में रोजमर्रा के भोजन का अहम हिस्सा ज्वार की रोटी अब महंगी होने लगी है। एक महीने में ज्वार के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। थोक बाजार में प्रति क्विंटल भाव 9,000 से 10,000 रुपए तक पहुंच गया है, जबकि खुदरा बाजार में कीमत 100 रुपए किलो के पार है। इससे रोटी खानावली संचालकों का बजट बिगड़ गया है। उन्हें आशंका है कि कीमतों में तेजी जारी रही तो भोजन की थाली भी महंगी करनी पड़ेगी।
धारवाड़, गदग, हावेरी, बेलगावी, विजयपुर और बागलकोट सहित उत्तर कर्नाटक के जिलों में ज्वार की रोटी भोजन का प्रमुख हिस्सा है। बढ़ती कीमतों का असर खानावलियों के साथ विद्यार्थियों, मजदूरों और बाहर भोजन करने वाले आम लोगों पर भी पड़ रहा है।
उत्पादन घटा, मांग बरकरार
क्षेत्र के कई इलाकों में कम बारिश और सूखे के कारण ज्वार की पैदावार घटी है। वहीं किसान ज्वार और गेहूं के बजाय चना, प्याज, मिर्च, मक्का और सूरजमुखी जैसी व्यावसायिक फसलों की खेती को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे ज्वार का रकबा भी कम हुआ है।
रोटी के लिए लोकप्रिय मालदंडी और गुंडु तेने किस्मों की आपूर्ति में कमी ने भी कीमतों को बढ़ाया है।
पुराने दाम पर भोजन परोसने की मजबूरी
ज्वार के साथ चावल, बाजरा और दालों की कीमतें बढऩे से खानावली संचालकों की लागत बढ़ गई है। लेकिन भोजन की दर बढ़ाने पर ग्राहक घटने का डर है। लिहाजा वे फिलहाल पुराने दाम पर ही भोजन परोस रहे हैं।
खानावली संचालक चन्नबसु होसूर के अनुसार, उनके यहां ज्यादातर ग्राहक ज्वार की रोटी वाला भोजन पसंद करते हैं। पहले ज्वार 40-50 रुपए किलो मिलता था, अब भाव 90-100 रुपए से अधिक हो गया है। फिलहाल एक थाली 120 रुपए में परोसी जा रही है। दर बढ़ाने पर ग्राहक कम हो सकते हैं, लेकिन महंगाई जारी रही तो कीमत बढ़ाना मजबूरी होगी।
किसानों को मिले प्रोत्साहन
ग्राहक मोहन हंपण्णवर का कहना है कि ज्वार की खेती में उचित दाम नहीं मिलने से किसान दूसरी फसलों की ओर जा रहे हैं। सरकार को ज्वार और गेहूं के लिए उचित समर्थन मूल्य, सरकारी खरीद और प्रोत्साहन की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि किसान इन फसलों की खेती जारी रखें।
किराना दुकानदार भरत पटेल के मुताबिक, पिछले 15-20 दिनों से ग्राहक ज्वार का भाव सुनकर चौंक रहे हैं। कीमत बढऩे से इसकी खरीद भी घट रही है।
हुब्बल्ली एपीएमसी में सफेद ज्वार के भाव
तारीख – न्यूनतम (रु./क्विंटल) — अधिकतम (रु./क्विंटल)
11 नवंबर — 3,535 — 6,099
12 नवंबर — 2,709 — 8,408
13 नवंबर — 2,210 — 8,005
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

