पुत्तूर की कैंपको फैक्टरी दक्षिण-पूर्व एशिया के बड़े किसान स्वामित्व वाले कोको प्रसंस्करण केंद्रों में शामिल
बाल दिवस पर दो नए उत्पाद पेश
पुत्तूर (दक्षिण कन्नड़)। किसानों की सहकारिता से स्थापित पुत्तूर की कैंपको चॉकलेट फैक्टरी आज दक्षिण-पूर्व एशिया के बड़े किसान स्वामित्व वाले कोको प्रसंस्करण केंद्रों में शामिल है। किसानों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू हुई इस संस्था ने वित्त वर्ष 2025-26 में 3,735 करोड़ रुपए का कारोबार किया। बाल दिवस पर कंपनी ने दो नए चॉकलेट उत्पाद भी बाजार में उतारे।
बाल दिवस पर नए उत्पाद
कैंपको ने डेयरी ड्रीम बादाम बाइट (35 ग्राम) और डेयरी ड्रीम क्रीम ब्राउनी (40 ग्राम) नाम से दो उत्पाद पेश किए हैं।
किसानों की समस्या से हुई शुरुआत
कर्नाटक और केरल के सुपारी एवं कोको उत्पादक किसानों के हितों की रक्षा के लिए सहकारी नेता वारणसी सुब्राय भट्ट ने 11 जुलाई 1973 को मेंगलूरु में कैंपको की स्थापना की थी। नवंबर 1973 में पांच केंद्रों से सुपारी की खरीद शुरू हुई।
1980 के दशक में निजी चॉकलेट कंपनियों ने स्थानीय किसानों से कोको खरीदना बंद कर दिया। बाजार नहीं मिलने से किसान पेड़ काटने लगे। ऐसे में कैंपको ने सीधे किसानों से कोको बीज खरीदने और उन्हें स्थायी बाजार देने के लिए चॉकलेट फैक्टरी स्थापित करने का फैसला किया।
1986 में राष्ट्रपति ने किया उद्घाटन
पुत्तूर तालुक के केम्मिंजे गांव में करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक फैक्टरी बनाई गई। इसकी शुरुआती वार्षिक उत्पादन क्षमता 8,800 मीट्रिक टन थी। एक सितंबर 1986 को तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने इसका उद्घाटन किया था।
नेस्ले और अमूल को भी आपूर्ति
कैंपको अपने ब्रांड के अलावा नेस्ले इंडिया और अमूल जैसी कंपनियों के लिए भी अर्द्ध-तैयार और तैयार कोको उत्पाद बनाती है। वर्ष 2016 तक फैक्टरी की वार्षिक उत्पादन क्षमता बढक़र 18,000 टन हो गई थी। इसे 23,000 टन तक ले जाने की योजना बनाई गई थी।
वित्त वर्ष 2017-18 में 1,740 करोड़ रुपए का कारोबार करने वाली संस्था का कारोबार 2025-26 में बढक़र 3,735 करोड़ रुपए पहुंच गया। जनवरी 2018 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु ने फैक्टरी के नए सुविधा खंड का उद्घाटन किया था। पुत्तूर के निकट कावु गांव में आधुनिक गोदाम भी विकसित किए जा रहे हैं।
देशभर में खरीद और बिक्री नेटवर्क
सुपारी और कोको के साथ कैंपको रबर एवं काली मिर्च के कारोबार में भी सक्रिय है। कर्नाटक और केरल में इसके 133 खरीद एवं उत्पादन केंद्र हैं, जबकि देश के विभिन्न राज्यों में 11 बिक्री डिपो संचालित हैं। संस्था किसानों से उपज खरीदने के साथ अपने उत्पादों का विदेशों में निर्यात भी करती है।
कैंपको के प्रमुख आंकड़े
स्थापना – 1973
चॉकलेट फैक्टरी का उद्घाटन – 1986
2025-26 का कारोबार – 3,735 करोड़ रुपए
2016 तक वार्षिक उत्पादन क्षमता – 18,000 टन
कर्नाटक और केरल में – 133 केंद्र
देशभर में बिक्री नेटवर्क – 11 डिपो
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

