मठ-मंदिरों में रखे हाथियों की सुरक्षा का मामला हाईकोर्ट पहुंचा
वन्यजीव प्रेमी गोरूर गोविंद ने तीन हाथियों को जंगल में छोडऩे की मांग की
हुब्बल्ली। बेलगावी जिले में 34 वर्षीय हाथी ध्रुव की दर्दनाक मौत के बाद कर्नाटक के मठों और मंदिरों में रखे हाथियों की सुरक्षा का मुद्दा फिर गरमा गया है। वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता गोरूर गोविंद ने वन विभाग से शेष हाथियों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि बेलगावी की हथिनी पद्मा और कलबुर्गी की मेनका का हश्र ध्रुव जैसा नहीं होना चाहिए।
जंजीरों में बंधे ध्रुव की मौत
बेलगावी जिले के रायबाग तालुक स्थित अंकनूर करिसिद्धेश्वर मठ में रखे ध्रुव को लंबे समय तक जंजीरों से बांधकर रखा गया था। लगातार बंधे रहने से उसका एक पैर मुड़ गया था, जबकि दूसरे पैर में जंजीर फंसने से गंभीर चोट आई थी। दर्द और तकलीफ के बीच 12 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
गोरूर गोविंद ने ध्रुव की हालत देखकर वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षण अधिकारी को शिकायत दी थी। उन्होंने हाथी को मठ से हटाकर सकरेबाइल हाथी शिविर में रखने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
पद्मा और मेनका की सुरक्षा के लिए याचिका
गोविंद ने रायबाग तालुक के शेडबाल स्थित शांतिसागर दिगंबर जैन अनंत छत्राश्रम मठ की 30 वर्षीय हथिनी पद्मा और कलबुर्गी जिले के कडगंची साविर संस्थान मठ की 39 वर्षीय हथिनी मेनका को भी सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजने की मांग की है।
वन विभाग से बार-बार गुहार के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 2025 में बेंगलूरु हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। इसमें तीनों हाथियों को मठों से मुक्त कर सकरेबाइल या बन्नेरघट्टा के वन क्षेत्र में रखने की मांग की गई है। न्यायालय ने मामले की अगली और अंतिम सुनवाई 8 दिसंबर को निर्धारित की है। ध्रुव की मौत के बाद गोविंद ने पद्मा और मेनका को तत्काल सुरक्षित करने की अपील दोहराई है।
मठ-मंदिरों में 18 हाथी
गोविंद के अनुसार, कर्नाटक में करीब 6,013 हाथी हैं, जिनमें 18 विभिन्न मठों और मंदिरों में रखे गए हैं। वन विभाग के साथ हुए समझौते के तहत इनके पालन-पोषण की व्यवस्था है, लेकिन आरोप है कि निर्धारित शर्तों और देखभाल के नियमों का पालन नहीं हो रहा। उनका कहना है कि हाथियों को शारीरिक और मानसिक यातना झेलनी पड़ रही है। तीन हाथियों की मुक्ति के लिए दायर याचिका से शेष हाथियों को भी सुरक्षित वातावरण दिलाने का रास्ता खुल सकता है।
हाथियों का प्राकृतिक आवास जंगल
गोविंद का कहना है कि हाथी वन्यजीव हैं और उनका प्राकृतिक आवास जंगल है। धार्मिक प्रतिष्ठा और भव्य जुलूसों के लिए उन्हें मठ-मंदिरों में रखने की परंपरा उचित नहीं है। उन्होंने अयोध्या, काशी, कांची, मथुरा, द्वारका और पुरी जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि जब वहां हाथियों को धार्मिक संस्कृति का अनिवार्य हिस्सा नहीं माना जाता, तो कर्नाटक में उन्हें मठ-मंदिरों में रखने पर जोर क्यों दिया जा रहा है। हाथियों को प्राकृतिक वातावरण में स्वतंत्र जीवन देना ही उनके संरक्षण का उचित रास्ता है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
