इंडिगो की मेंगलूरु-बेंगलूरु उड़ान में तकनीकी खराबी
229 यात्रियों समेत सभी 236 लोग सुरक्षित, एक पहिया क्षतिग्रस्त
मेंगलूरु। मेंगलूरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार (16 नवंबर) शाम बड़ा हादसा टल गया। बेंगलूरु के लिए उड़ान भर रहे इंडिगो के विमान के निचले हिस्से से टेकऑफ से ठीक पहले चिंगारी निकलने पर पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर उसे रनवे पर रोक दिया। विमान का एक पहिया क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन उसमें सवार 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों सहित सभी 236 लोग सुरक्षित रहे।
जानकारी के अनुसार, विमान शाम करीब 6.10 बजे रनवे पर तेजी से आगे बढ़ रहा था। टेकऑफ से करीब 100 मीटर पहले चिंगारी दिखाई देने पर पायलट ने तत्काल ब्रेक लगाया। मेंगलूरु हवाई अड्डा टेबलटॉप रनवे पर स्थित होने के कारण समय रहते विमान को रोकना बेहद महत्वपूर्ण था।
घटना के बाद विमान को पार्किंग बे में लाकर यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। एयरलाइन ने यात्रियों के लिए आवश्यक सहायता और ठहरने की व्यवस्था की। रात 11.05 बजे वैकल्पिक विमान उपलब्ध कराया गया, जिससे यात्री 11.30 बजे बेंगलूरु रवाना हुए।
विमान तकनीकी जांच के लिए रोका
एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने जांच के बाद विमान को एओजी (एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड) घोषित कर दिया। मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने तक इसका परिचालन नहीं होगा।
पूर्व सांसद और विधायक भी थे सवार
विमान में पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील, विधायक मंजुला एस. अरविंद लिंबावली और एक न्यायाधीश सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। कटील ने पायलट की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ से सभी सुरक्षित रहे। एक यात्री के अनुसार, टेकऑफ से ठीक पहले तेज झटका लगा और विमान अचानक रुक गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
