छह महीने में आबकारी राजस्व 22,191 करोड़ रुपए के पार
बीयर और वाइन की बाजार हिस्सेदारी 36 से बढक़र 45 प्रतिशत
हुब्बल्ली। कर्नाटक में शराब की कुल बिक्री बढऩे के बावजूद प्रति व्यक्ति शुद्ध अल्कोहल की खपत में कमी दर्ज की गई है। वहीं, राज्य सरकार का आबकारी राजस्व बढ़ा है। ब्रूअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के आंकड़ों के अनुसार, मई से सितंबर 2026 के दौरान कुल शराब बिक्री में 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि प्रति व्यक्ति शुद्ध अल्कोहल की खपत 2.4 प्रतिशत घटकर 1.59 लीटर रह गई।
पिछले वर्ष की समान अवधि में यह खपत 1.63 लीटर थी। आंकड़े बताते हैं कि शराब की बिक्री बढऩे के बावजूद उसमें मौजूद वास्तविक अल्कोहल की मात्रा कम हुई है।
नई कर व्यवस्था का असर
राज्य सरकार ने 11 मई को अल्कोहल इन बेवरेज (एआईबी) नाम से नई कर व्यवस्था लागू की थी। इसमें शराब की कीमत के साथ उसमें मौजूद शुद्ध अल्कोहल की मात्रा को भी कर निर्धारण का आधार बनाया गया है। इसके बाद कम अल्कोहल वाली बीयर और वाइन की मांग बढ़ी है। कुल शराब बिक्री में इनकी हिस्सेदारी पिछले साल के 36 प्रतिशत से बढक़र 45 प्रतिशत हो गई।
कुछ कंपनियों ने कम कीमत वाली भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) में अल्कोहल की मात्रा 42.8 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत कर दी है। इससे राज्य में बिकने वाली आईएमएफएल में औसत अल्कोहल मात्रा 40.5 प्रतिशत रह गई है।
छह महीने में 22,191 करोड़ का राजस्व
अप्रेल से सितंबर 2026 के बीच राज्य सरकार को आबकारी से 22,191.63 करोड़ रुपए का राजस्व मिला। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 13.4 प्रतिशत अधिक है। इस तरह शराब की कुल बिक्री, प्रति व्यक्ति अल्कोहल खपत और सरकारी राजस्व के आंकड़ों में अलग-अलग रुझान सामने आए हैं।
एक नजर में आंकड़े
सूचकांक — स्थिति
कुल शराब बिक्री — 16 प्रतिशत वृद्धि
प्रति व्यक्ति शुद्ध अल्कोहल खपत — 2.4 प्रतिशत कमी
छह महीने का आबकारी राजस्व — 22,191.63 करोड़ रुपए
राजस्व में वृद्धि — 13.4 प्रतिशत
बीयर-वाइन की बाजार हिस्सेदारी — 36 प्रतिशत से 45 प्रतिशत
प्रति व्यक्ति अल्कोहल खपत — 1.59 लीटर
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
