मेंगलूरु के रास्ते बेंगलूरु-गोवा के बीच सेवा शुरू
विरोध के बाद गोमटेश्वर एक्सप्रेस का समय बदलने का फैसला वापस
मेंगलूरु। बेंगलूरु, तटीय कर्नाटक और गोवा को जोडऩे वाली वंदेभारत एक्सप्रेस के नियमित परिचालन को पहले ही दिन यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। मडगांव से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन की सभी सीटें बुक रहीं, जबकि विपरीत दिशा की ट्रेन में भी लगभग सभी सीटें भर गईं। शुक्रवार को उद्घाटन विशेष परिचालन के बाद रविवार से इस सेवा का व्यावसायिक संचालन शुरू हुआ।
यशवंतपुर-मडगांव (26655) और मडगांव-यशवंतपुर (26656) ट्रेनें मेंगलूरु जंक्शन के रास्ते निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार चलीं। कुछ स्टेशनों पर पांच से दस मिनट की देरी हुई, लेकिन बाद में परिचालन सामान्य हो गया। उडुपी स्टेशन पर सांसद कोटा श्रीनिवास पुजारी के नेतृत्व में रेलवे यात्री समिति के सदस्यों ने मिठाई बांटकर नई सेवा का स्वागत किया।
गोमटेश्वर एक्सप्रेस का समय यथावत
वंदेभारत की समय-सारिणी के बाद दक्षिण पश्चिम रेलवे (दपरे) ने दैनिक गोमटेश्वर एक्सप्रेस (16576) को सुबह 7 बजे के बजाय 11 बजे चलाने का प्रस्ताव रखा था। तटीय यात्रियों और रेलवे संगठनों ने इसका विरोध किया।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मेंगलूरु दौरे के दौरान सांसद कैप्टन बृजेश चौटा और यात्री संगठनों ने आपत्ति जताई थी। पूर्व सांसद नलिन कुमार कटील, विधान परिषद सदस्य किशोर कुमार और पश्चिम तटीय रेलवे यात्री विकास समिति ने भी रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना को ज्ञापन दिया था। इसके बाद रेलवे ने समय बदलने का प्रस्ताव वापस ले लिया। अब गोमटेश्वर एक्सप्रेस पहले की तरह सुबह 7 बजे ही रवाना होगी।
850 किलोमीटर का सफर
करीब 850 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली वंदेभारत हासन, सकलेशपुर, मेंगलूरु, उडुपी, मुरुडेश्वर, गोकर्ण और कारवार जैसे प्रमुख शहरों एवं पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। इससे तटीय कर्नाटक, घाट क्षेत्र और बेंगलूरु के बीच रेल संपर्क अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
