बसवण्ण के कथित अपमानजनक चित्रण पर संतों और संगठनों का तीखा विरोध
पुस्तक जब्त, लेखक के खिलाफ प्राथमिकी, कोच्चि हवाई अड्डे पर रोके गए रवी हंज
2६ नवंबर तक पूछताछ के लिए पेश होने का नोटिस
हुब्बल्ली। समाज सुधारक बसवण्ण पर लिखी गई पुस्तक ‘बसव मंटप’ को लेकर कर्नाटक में विवाद गहरा गया है। पुस्तक में बसवण्ण पर राजा बिज्जल की हत्या करवाने और राजकोष के धन के दुरुपयोग जैसे आरोप लगाए जाने से संतों और लिंगायत संगठनों में आक्रोश है। विरोध के बीच अथणी में लेखक रवी हंज की हत्या करने वाले को 5 लाख रुपए देने की घोषणा ने विवाद को नया और गंभीर मोड़ दे दिया है।
उप्पिनबेटगेरी मठ के कुमार विरूपाक्ष स्वामी ने पुस्तक में लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ऐतिहासिक काव्यों के अनुसार बिज्जल की हत्या जगदेव मंत्री और उसके सहयोगियों ने की थी। उन्होंने पुस्तक जब्त करने के सरकार के फैसले को उचित ठहराया। साणेहल्ली के डॉ. पंडिताराध्य स्वामी ने भी पुस्तक की सामग्री की निंदा करते हुए लेखक और प्रकाशक पर कड़ी कार्रवाई तथा पुस्तक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
अथणी में प्रदर्शन के दौरान लिंगायत नेता प्रकाश महाजन ने रवी हंज की हत्या करने वाले को व्यक्तिगत रूप से पांच लाख रुपए देने की घोषणा की। इस बयान से विवाद और भडक़ गया। इसी बीच मठ ने पत्रकार एवं प्रकाशक विश्वेश्वर भट को दिया गया ‘बसवभूषण’ पुरस्कार वापस लेने का फैसला किया।
मंत्री के.एस. बसवंतप्पा ने भी मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। लेखक रवी हंज और प्रकाशक विश्वेश्वर भट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। लुकआउट नोटिस के आधार पर रवी हंज को कोच्चि हवाई अड्डे पर विदेश जाने से रोककर बेंगलूरु पुलिस के हवाले किया गया। बेलगावी पुलिस ने उन्हें 2६ नवंबर तक बेलगावी मार्केट पुलिस थाने में पूछताछ के लिए खुद पेश होने का नोटिस दिया गया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उन्हें हिरासत में लिया गया है, गिरफ्तार नहीं किया गया है।
इस बीच, विभिन्न संगठनों ने पूरे मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की है। राज्य मंत्रिमंडल ने पुस्तक जब्त करने और कानूनी कार्रवाई करने का फैसला कर चुका है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

