सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने छात्रा को तलाशा, दो लोग हिरासत में
हिंदू युवक से प्रेम संबंध को लेकर परिजनों से था विवाद
छात्रा ने उनके साथ जाने से किया इनकार
मेंगलूरु। कणचूर मेडिकल कॉलेज परिसर से प्रथम वर्ष की मेडिकल छात्रा को कथित तौर पर जबरन ले जाने के मामले में पुलिस ने छात्रा का पता लगा लिया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। छात्रा को वाहन में जबरन बैठाकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया था।
कॉलेज परिसर में जबरन वाहन में बैठाया
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को कुछ लोग कॉलेज परिसर पहुंचे और छात्रा को घेरकर अपने साथ ले जाने लगे। वायरल वीडियो में कुछ लोग छात्रा को खींचकर थार वाहन में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मेंगलूरु पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस आयुक्त सुधीर कुमार रेड्डी ने अधिकारियों को मामला दर्ज कर जांच करने और छात्रा का पता लगाने के निर्देश दिए।
केरल में रिश्तेदार के घर मिली छात्रा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि छात्रा को परिजन केरल में एक रिश्तेदार के घर ले गए थे। बताया जाता है कि इस बीच परिजनों ने बेल्तंगड़ी स्थित अपने घर पर ताला लगा दिया था। पुलिस ने कार्रवाई कर छात्रा का पता लगाया और दो लोगों को हिरासत में लिया।
प्रेम संबंध को लेकर पहले भी हुआ था विवाद
बताया जाता है कि छात्रा पीयूसी की पढ़ाई के दौरान एक हिंदू युवक के संपर्क में आई थी। इसकी जानकारी परिजनों को मिलने के बाद परिवार में विवाद हुआ था और मामला पुलिस थाने तक पहुंचा था। बाद में परिजनों ने उसका दाखिला कणचूर मेडिकल कॉलेज में करवाया। हाल के दिनों में छात्रा के हॉस्टल से निकलने के बावजूद कॉलेज नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने पर परिवार में फिर विवाद हुआ।
परिजनों के साथ जाने से किया इनकार
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने कथित तौर पर परिजनों के साथ जाने से इनकार किया है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण भी करवाया गया है। पुलिस उसकी इच्छा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, बालिग युवती को अपनी जिंदगी के फैसले लेने का अधिकार है। उसकी इच्छा के विरुद्ध ले जाना या बंधक बनाकर रखना कानूनन अपराध है। मामले की जांच जारी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z
