चार साल और 16 माह के दो बच्चे हुए अनाथ
छह महीने पहले खोई थी पांच ग्राम की सोने की अंगूठी
बागलकोट। जिले के मुुधोल तालुक के कुलली गांव में घरेलू विवाद के बाद पति-पत्नी ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार तडक़े हुई इस घटना में अप्पाशी शिवप्पा नडुविनमनी (35) और उनकी पत्नी राजेश्वरी (33) की मौत हो गई। दंपत्ति के चार साल और 16 माह के दो बच्चे अब माता-पिता के साए से वंचित हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, करीब आठ साल पहले विवाह करने वाले अप्पाशी और राजेश्वरी संयुक्त परिवार में रहते थे। छह महीने पहले राजेश्वरी की पांच ग्राम सोने की अंगूठी गुम हो गई थी। इसे लेकर वह परिवार के सदस्यों पर संदेह जताती थीं। इस बात पर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों ने समझाने के साथ नई अंगूठी बनवाकर देने का आश्वासन भी दिया था।
गुरुवार रात भी अंगूठी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। अप्पाशी की मां और भाई ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। इसके बाद सभी सोने चले गए। शुक्रवार 20 नवंबर की तडक़े अप्पाशी ने घर के बाहर पशुशाला के शेड में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति का शव देखकर राजेश्वरी सदमे में आ गईं। इसके बाद वह घर के बेडरूम में गईं और सुबह करीब 4.20 बजे उसने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
रबकवि-बनहट्टी तालुक के मारापुर निवासी श्रीशैल मड्डेप्पा यडहल्ली (36) की शिकायत पर मुुधोल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। पीएसआई शिवानंद कारजोल ने घटना की पुष्टि की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

