1.71 लाख संपत्तिधारकों को मिलेगा लाभ; व्हाट्सऐप चैटबॉट, बल्क एसएमएस और बीबीपीएस से होगा भुगतान
पेटीएम, गूगल पे और फोनपे से भी जमा कर सकेंगे टैक्स, कार्यालयों के चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति
बेलगावी। स्मार्ट सिटी बेलगावी में अब संपत्ति कर जमा करने के लिए महानगर निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। महानगर निगम ने कर भुगतान की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए डिजिटल व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत नागरिक घर बैठे मोबाइल से न केवल संपत्ति कर जमा कर सकेंगे, बल्कि बकाया राशि और वर्तमान कर की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा का लाभ शहर की 1.71 लाख संपत्तियों के करदाताओं को मिलेगा।
महानगर निगम आयुक्त एम. कार्तिक ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नागरिकों की सुविधा के लिए तीन नई सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें बल्क एसएमएस, व्हाट्सऐप चैटबॉट और भारत बिल पेमेंट सिस्टम (बीबीपीएस) शामिल हैं। इसके लिए विशेष सॉफ्टवेयर भी तैयार किया गया है।
व्हाट्सऐप पर मिलेगी कर की जानकारी
महानगर निगम ने 70900 22888 मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई है। इसके माध्यम से करदाता पहले जमा किए गए टैक्स, बकाया राशि और चालू वित्त वर्ष में देय कर की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। हालांकि, इस व्यवस्था में पहले बकाया कर जमा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद ही चालू वर्ष का कर भुगतान किया जा सकेगा।
पेटीएम, गूगल पे से भी भुगतान
बीबीपीएस सुविधा के तहत पेटीएम, गूगल पे और फोनपे के माध्यम से भी संपत्ति कर जमा किया जा सकेगा। घरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक संपत्तियों के करदाता इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
1.71 लाख संपत्तिधारकों को एसएमएस
शहर की सभी 1.71 लाख संपत्तियों के करदाताओं को बल्क एसएमएस के माध्यम से कर भुगतान और बकाया राशि की जानकारी भेजी जाएगी। इससे नागरिकों को अपनी संपत्ति से संबंधित कर का विवरण आसानी से मिल सकेगा।
आयुक्त कार्तिक ने कहा कि पहले कर जमा करने के लिए महानगर निगम के उत्तर, दक्षिण, मध्य (सेंट्रल), बेलगावी-1 और कंप्यूटर केंद्रों में जाना पड़ता था। अब डिजिटल सेवाओं के माध्यम से घर बैठे भुगतान संभव होगा। इससे नागरिकों का समय बचेगा और निर्धारित समय पर कर जमा करने में भी सुविधा होगी।
उन्होंने नागरिकों से समय पर संपत्ति कर जमा कर शहर के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

