कुष्टगी में हृदयविदारक घटना; दो महीने बाद घर में गूंजने वाली थी किलकारी, पति ने पत्नी और अजन्मे बच्चे को खोया
कुष्टगी (कोप्पल)। घर में दो महीने बाद नन्हे मेहमान के आगमन की तैयारियां चल रही थीं। परिवार खुशियों के इंतजार में था, लेकिन डेंगू ने सारी उम्मीदें उजाड़ दीं। कुष्टगी पुलिस थाने में कार्यरत सात माह की गर्भवती महिला पुलिसकर्मी रेखा वीरेश कुमार आनेहोसूर की डेंगू से मौत हो गई। उनके गर्भस्थ शिशु को भी नहीं बचाया जा सका। इस हृदयविदारक घटना से परिवार और पुलिस विभाग में शोक छा गया।
मूल रूप से इदलिगी गांव की रहने वाली रेखा का एक वर्ष पहले जमखंडी तालुक के कोन्नूर गांव निवासी वीरेश कुमार से विवाह हुआ था। उनके पति भी पुलिसकर्मी हैं। दोनों अपने वैवाहिक जीवन में खुश थे और परिवार में नए सदस्य के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रेखा को हाल ही में बुखार आया था। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती दौर में डेंगू की पहचान में देरी होने की बात कही जा रही है। हालत बिगडऩे पर उन्हें बागलकोट के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई।
रेखा की असमय मौत से कुष्टगी पुलिस थाने के सहकर्मी भी स्तब्ध हैं। पत्नी और होने वाले बच्चे को खोने वाले वीरेश कुमार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय बाद गोद भराई और बच्चे के स्वागत की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां मातम छा गया।
इदलिगी गांव में परिजनों, रिश्तेदारों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

