3 से 5 साल तक रियायती दरों पर मिलेगी विमान सेवा; दिसंबर अंत तक निविदाएं आमंत्रित
शिवमोग्गा। केंद्र सरकार ने उड़ान-6.0 योजना की निविदा प्रक्रिया में शिवमोग्गा हवाई अड्डे को फिर शामिल किया है। इसके तहत अगले तीन से पांच वर्षों तक रियायती दरों पर विमान सेवा उपलब्ध होगी। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि दिसंबर के अंत तक रखी गई है।
सांसद बीवाई राघवेंद्र ने बताया कि पिछले 15-20 दिनों से विमान सेवाओं को लेकर बनी अनिश्चितता अब दूर होने की उम्मीद है। नई निविदा में किसी निश्चित मार्ग का उल्लेख नहीं किया गया है। विमानन कंपनियां शिवमोग्गा से अपनी पसंद के मार्ग चुन सकेंगी। निविदा में भाग लेने वाली कंपनियों को उड़ान योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलेगी।
फरवरी-मार्च से शुरू हो सकती है उड़ान
निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी या मार्च से विमान सेवाएं दोबारा शुरू होने की संभावना है। इस बीच सांसद ने राज्य सरकार से व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत शिवमोग्गा-बेंगलूरु और शिवमोग्गा-हैदराबाद में से कम से कम एक मार्ग पर तीन-चार महीने तक अस्थायी आर्थिक सहायता देकर विमान सेवा जारी रखने की मांग की है।
राघवेंद्र के अनुसार, पहले उड़ान योजना की अवधि समाप्त होने के बाद एक वर्ष का व्यावसायिक अंतराल रहता था, लेकिन इस बार शिवमोग्गा को बिना किसी अंतराल के अगली निविदा में शामिल किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में शिवमोग्गा के व्यावसायिक विकास के साथ विमान सेवाएं भी नियमित हो सकेंगी।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

