शिवल्ली-हेब्बल्ली के 20 हजार से अधिक ग्रामीणों पर दोहरी मार
खरीफ की फसल चौपट, रबी की बुआई प्रभावित, मुआवजे की दूसरी किस्त का इंतजार
हुब्बल्ली। बारिश की बेरुखी ने हुब्बल्ली-धारवाड़ क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में किसानों की कमर तोड़ दी है। खरीफ की फसल हाथ नहीं आई और रबी की बुआई भी प्रभावित हो रही है। खेतों में काम नहीं मिलने के कारण किसान और कृषि मजदूर शहरों की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन हुब्बल्ली और धारवाड़ में भी पर्याप्त मजदूरी नहीं मिलने से परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
धारवाड़ तालुक के शिवल्ली और हेब्बल्ली गांवों की आबादी 20 हजार से अधिक है। यहां अधिकांश परिवार खेती पर निर्भर हैं। बारिश आधारित खेती होने के कारण इस बार मानसून की कमी ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
खरीफ में नुकसान, रबी की बुआई भी प्रभावित
किसानों ने खरीफ में मक्का, कपास, सोयाबीन, उड़द, मूंग, मूंगफली, अरहर और प्याज की बुआई की थी। बारिश की कमी से अधिकांश फसलें सूख गईं। कुछ क्षेत्रों में थोड़ी उपज हुई, लेकिन लागत भी नहीं निकल पाई।
किसानों ने बारिश की उम्मीद में रबी में चना बोया, लेकिन अंकुरण और बढ़वार प्रभावित हुई। कुछ किसानों ने दोबारा बुआई के लिए करीब 30 हजार रुपए अतिरिक्त खर्च किए हैं।
हेब्बल्ली के किसानों ने पांच एकड़ में प्याज की फसल खराब होने से करीब 50 हजार रुपए के नुकसान की बात कही है। पहले से खरीफ की खेती का कर्ज होने के कारण कई किसानों ने रबी की बुआई ही नहीं की।
मुआवजे की दूसरी किस्त का इंतजार
किसानों का कहना है कि सरकार ने सूखा प्रभावित किसानों को 5 हजार रुपए सहायता देने की घोषणा की थी। पहली किस्त के रूप में 2,500 रुपए देने की बात कही गई, लेकिन कई किसानों के खातों में अब तक राशि नहीं पहुंची है। दूसरी किस्त कब मिलेगी, इसकी भी जानकारी नहीं है।
दो साल से हेब्बल्ली गांव का तालाब सूखा पड़ा है। फिलहाल पेयजल संकट नहीं है, लेकिन रबी की बारिश नहीं हुई तो पशुओं के लिए चारा और पानी की समस्या गंभीर हो सकती है।
किसानों के सामने अब खेती के साथ परिवार चलाने का भी संकट है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

