तत्कोल वन में जाने के बजाय बदला रास्ता
मूडिगेरे में विरोध के बाद अभियान रोकने का फैसला, दोनों क्षेत्रों में बढ़ी चिंता
चिक्कमगलूरु। हासन जिले के बेलूर से मूडिगेरे के जंगलों की ओर हाथियों को खदेडऩे का वन विभाग का ऑपरेशन गज मुश्किल में पड़ गया है। तत्कोल वन से महज 3.5 किलोमीटर दूर पहुंचा करीब 22 हाथियों का झुंड जंगल में जाने के बजाय वापस बेलूर की ओर मुड़ गया। फिलहाल झुंड मूडिगेरे तालुक के कारबैलु और दुंडिग क्षेत्र में है। बीटम्मा, भुवनेश्वरी और ओल्ड बेल्ट नाम से पहचाने जाने वाले हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग नजर रख रहा है।
हाथियों को मूडिगेरे की ओर स्थानांतरित करने के फैसले के खिलाफ बुधवार को बंद के दौरान लोगों का आक्रोश सामने आया। प्रदर्शनकारियों ने वन विभाग कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया और डीएफओ तथा मुख्य वन संरक्षक को मौके पर बुलाने की मांग की। कडूर-मेंगलूरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हासन के प्रभारी मंत्री शिवलिंगेगौड़ा के चित्र को आग लगाकर विरोध जताया। एहतियातन वन विभाग कार्यालय पर पुलिस सुरक्षा तैनात की गई।
इस फैसले के विरोध में विधायक एचडी तम्मय्या और नयना मोटम्मा ने भी इस्तीफे की इच्छा जताई थी। दोनों ने विधानसभा अध्यक्ष जीएस पाटिल से मुलाकात कर चर्चा की। बताया गया है कि सरकार की ओर से अभियान रोकने का भरोसा मिलने के बाद उन्होंने अपना फैसला टाल दिया।
बेलूर में भी फसलों को नुकसान
हाथियों को मूडिगेरे की ओर खदेडऩे के बावजूद बेलूर क्षेत्र में उत्पात जारी है। कोगोडु के पास हाथियों ने किसान मंजुनाथ की सात एकड़ धान की फसल नष्ट कर दी। कर्ज लेकर खेती करने वाले किसान को भारी नुकसान हुआ है। किसानों ने हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
गौरतलब है कि बेलूर क्षेत्र में हाथियों के हमलों में तीन लोगों की मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सरकार ने 10 नर हाथियों को पकडऩे का आदेश दिया था। इसके बाद हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर जंगलों की ओर खदेडऩे के लिए ऑपरेशन गज शुरू किया गया। मूडिगेरे में विरोध और जनप्रतिनिधियों की आपत्ति के बाद अभियान रोकने का निर्णय लिया गया। अब हाथियों का झुंड वापस बेलूर की ओर लौटने से दोनों क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

