54 हाथियों का झुंड बना जानलेवा, दो लोगों की मौत के बाद तेज हुआ ‘ऑपरेशन गज’
सात महीने पहले तैयार हुई थी योजना, 39 हाथियों को भद्रा अभयारण्य की ओर भेजने की तैयारी
सिरसी में अवैध बिजली बाड़े से हाथी की मौत ने वन्यजीव सुरक्षा पर खड़े किए सवाल
चिकमगलूरु। कर्नाटक में जंगली हाथियों और मनुष्यों के बीच बढ़ता संघर्ष अब गंभीर रूप लेता जा रहा है। हासन जिले के बेलूरु क्षेत्र में 54 हाथियों के झुंड की मौजूदगी और दो लोगों की मौत के बाद वन विभाग ने ‘ऑपरेशन गज’ को तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत हाथियों को जबरन पकडक़र दूसरी जगह भेजने के बजाय उनके प्राकृतिक आवागमन मार्ग की बाधाएं दूर कर उन्हें भद्रा अभयारण्य की ओर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। विभाग को उम्मीद है कि पर्याप्त भोजन, पानी और सुरक्षित आवास मिलने पर हाथी अभयारण्य में ही ठहर सकते हैं और मानव बस्तियों में उनकी आवाजाही कम होगी।
दरअसल, हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए 26 अप्रेल 2026 को चिक्कमगलूरु के मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में हासन और कोडगु के वन अधिकारियों, कर्नाटक ग्रोवर्स फेडरेशन, कॉफी बोर्ड, प्लांटर्स एसोसिएशन, जनप्रतिनिधियों और बागान मालिकों की बैठक हुई थी। इसमें हाथियों को भद्रा अभयारण्य की ओर भेजने का सुझाव दिया गया था। बैठक में मिले सुझावों को बेंगलूरु स्थित प्रधान वन कार्यालय भेजा गया। करीब सात महीने पहले तैयार योजना अब अमल में लाई जा रही है।
39 हाथी घाटदहल्ली में, 15 बिक्कोडु की ओर
बेलूरु क्षेत्र से आए 54 हाथियों में से 39 हाथी मुडिगेरे तालुक के घाटदहल्ली स्थित भवानी एस्टेट में ठहरे हुए हैं, जबकि 15 हाथी बिक्कोडु की ओर चले गए हैं। वन विभाग इन 39 हाथियों को तत्कोल वन क्षेत्र के रास्ते भद्रा अभयारण्य की ओर ले जाना चाहता है। तत्कोल वन क्षेत्र करीब दो हजार एकड़ में फैला है और वहां सौर बाड़ की व्यवस्था है। यह क्षेत्र घाटदहल्ली से लगभग तीन-चार किलोमीटर दूर है।
अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. मनोज राजन के अनुसार, हाथियों की निगरानी के लिए अस्थायी शिविर बनाया जाएगा। करीब डेढ़ से दो महीने तक कुमकी हाथियों और ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। अभियान में वन विभाग के 450 कर्मचारी और पुलिस विभाग के 250 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पांच से छह ड्रोन कैमरा दल हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। ग्राम पंचायत, राजस्व और पुलिस अधिकारियों के बीच भी समन्वय बनाया गया है। दो नर हाथियों को पहले ही पकड़ा जा चुका है।
भद्रा में 550 से 600 हाथी पहले से मौजूद
भद्रा अभयारण्य में पहले से लगभग 550 से 600 हाथी हैं। करीब एक हजार वर्ग किलोमीटर में फैले इस वन क्षेत्र में प्रति वर्ग किलोमीटर एक हाथी के रहने की क्षमता का वैज्ञानिक अध्ययन बताया गया है। वन विभाग का कहना है कि 39 हाथियों के पहुंचने से अभयारण्य की क्षमता पर बड़ा दबाव नहीं पड़ेगा।
वन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने भी कहा है कि जंगलों का क्षेत्र घटने से हाथी कॉफी बागानों और खेतों में पहुंच रहे हैं। बेलूरु तालुक में लगभग 13 हजार एकड़ जंगल नौ हिस्सों में बंटा है, जबकि सकलेशपुर में करीब एक से 1.35 लाख एकड़ वन क्षेत्र 80 हिस्सों में फैला है। हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए कंक्रीट खंभों के साथ स्टील रस्सी की बाड़ लगाने की योजना को प्रशासनिक मंजूरी मिली है। इसकी लागत प्रति किलोमीटर लगभग 79 लाख रुपए होगी। रेलवे बैरिकेडिंग पर प्रति किलोमीटर करीब 1.5 करोड़ रुपए खर्च आने का अनुमान है। नर हाथियों को रेडियो कॉलर लगाने और सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था भी की जा रही है।
सिरसी में अवैध बिजली बाड़े ने ली हाथी की जान
इधर, सिरसी और मुंडगोड सीमा क्षेत्र के मळलगांव में अवैध बिजली बाड़े की चपेट में आकर एक जंगली हाथी की मौत ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया गया है कि मुंडगोड तालुक के कालेबैल में दिखाई दिया यह हाथी दो-तीन दिन पहले सडक़ पार कर मळलगांव वन क्षेत्र में पहुंचा था। स्थानीय स्तर पर इसकी गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद वन विभाग इसे सुरक्षित जंगल की ओर भेजने में विफल रहा।
ग्रामीणों के अनुसार, सिरसी-मुंडगोड सीमा के जंगलों में 8 से 10 हाथियों का झुंड लगातार घूम रहा है और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। किसान विश्वनाथ नायक का आरोप है कि हाथियों को केवल पारंपरिक रास्तों की ओर खदेडऩे की अस्थायी कार्रवाई होती है, लेकिन फसल नुकसान का मुआवजा समय पर नहीं मिलता। इससे कुछ किसान खेतों में अवैध बिजली बाड़ लगाने जैसे खतरनाक तरीके अपनाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद वन विभाग और हेस्कॉम ने खतरनाक बिजली बाड़ों की पहचान कर उनका नक्शा तैयार नहीं किया। मळलगांव की घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जांच और शेष हाथियों की सुरक्षा के लिए स्थायी कदम उठाने की मांग की गई है।
सिरसी के सहायक वन संरक्षक अमित चौहान ने बताया कि हाथियों के झुंड पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। वन विभाग ने किसानों को खेतों में अवैध बिजली कनेक्शन नहीं लगाने की चेतावनी भी दी है।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

