बारिश कम, भूजल खत्म... जलस्रोतों को बचाने में भी लापरवाहीजलाशय में घटा जल स्तर।

कर्नाटक में भूजल दोहन ने बढ़ाई चिंता, कई जिलों में पानी का इस्तेमाल पुनर्भरण से कहीं ज्यादा

कहीं अधूरी सिंचाई परियोजना तो कहीं गाद और झाडिय़ों में दम तोड़ रहे तालाब

हुब्बल्ली। पिछले मानसून में बारिश की कमी का असर अब खेती और पेयजल व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। आने वाले समय में सुपर एल नीनो की आशंका ने चिंता और बढ़ा दी है। लेकिन संकट केवल कम बारिश का नहीं है। भूजल का लगातार दोहन, पारंपरिक जलस्रोतों की अनदेखी और सिंचाई परियोजनाओं में लापरवाही ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। एक ओर किसान पानी की तलाश में लाखों रुपए खर्च कर बोरवेल खुदवा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाब गाद और झाडिय़ों से पटकर अपना अस्तित्व खो रहे हैं। जिन परियोजनाओं से खेतों तक पानी पहुंचना चाहिए, वे अधूरी पड़ी हैं।

कर्नाटक के 240 तालुकों में से 226 को सूखा प्रभावित घोषित किए जाने का आंकड़ा संकट की गंभीरता बताता है। राज्य के करीब आधे हिस्से में भूजल की स्थिति चिंताजनक है। कोलार, बेंगलूरु शहरी, चिक्कबल्लापुर, बेंगलूरु ग्रामीण, चित्रदुर्ग और तुमकूरु जैसे जिलों में भूजल दोहन का स्तर बेहद चिंताजनक है। कोलार में भूजल दोहन 184 प्रतिशत, बेंगलूरु शहरी में 177 प्रतिशत, चिक्कबल्लापुर में 166 प्रतिशत और बेंगलूरु ग्रामीण में 142 प्रतिशत तक पहुंचने का आंकड़ा सामने आया है। यानी जितना भूजल प्राकृतिक रूप से फिर से भर रहा है, उससे कहीं अधिक निकाला जा रहा है।

बोरवेल पर दांव, किसानों की जिंदगीभर की कमाई दांव पर

बारिश का पानी जमीन में पहुंचकर भूजल का भंडार भरता है, लेकिन कम बारिश और तेजी से घटते जलस्तर के कारण किसानों की बोरवेल पर निर्भरता बढ़ती जा रही है। कई किसान एक के बाद एक बोरवेल खुदवाने के लिए कर्ज ले रहे हैं और अपनी जमा पूंजी खर्च कर रहे हैं। इसके बावजूद पानी मिलने की कोई गारंटी नहीं है।

कर्नाटक के पूर्व प्राकृतिक आपदा प्रबंधन केंद्र प्रमुख के. श्रीनिवास रेड्डी के अनुसार, उन्होंने अपने 26 वर्षों के कार्यकाल में कई जिलों को सूखा प्रभावित घोषित होते देखा है, लेकिन सूखे से प्रभावित गांवों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। यह स्थिति बताती है कि सूखे से निपटने के लिए केवल राहत और तात्कालिक उपाय पर्याप्त नहीं हैं। जल प्रबंधन की दीर्घकालिक नीति जरूरी है।

तालाब हैं, लेकिन पानी सहेजने की व्यवस्था नहीं

जल संकट के बीच पारंपरिक तालाबों का संरक्षण सबसे प्रभावी उपायों में से एक हो सकता है। लेकिन कुंदापुर नगरपालिका क्षेत्र का उदाहरण बताता है कि इस दिशा में कितनी अनदेखी हुई है। नगरपालिका क्षेत्र में आधिकारिक तौर पर 44 तालाब हैं। इनमें से कई तालाब गाद और झाडिय़ों से पटे हुए हैं।

कोडी के तीन वार्डों में खारे पानी की समस्या के कारण करीब 125 से 130 एकड़ कृषि भूमि में से 75 से 80 एकड़ खेत पिछले कुछ वर्षों से परती पड़े हैं। यहां के विशाल कोटिकेरे तालाब का पुनर्जीवन इस समस्या को कुछ हद तक कम करने में मददगार हो सकता है। तालाब की गाद निकालकर चारों ओर तटबंध बनाया जाए तो आसपास के कुओं का भूजल स्तर बढऩे और खेतों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके बावजूद अब तक इसके समग्र विकास के लिए कोई बड़ी योजना नहीं बनी है।

परियोजना अधूरी, ड्रिप सिंचाई की सामग्री पहले लगा दी

दावणगेरे जिले के जिगलूर तालुक में भद्रा ऊपरी बांध परियोजना की स्थिति भी जल प्रबंधन की खामियों को उजागर करती है। भद्रा बांध से चार टीएमसी पानी छोड़े जाने के बाद चित्रदुर्ग जिले के कई हिस्सों तक पानी पहुंचा, लेकिन इसी परियोजना में शामिल जिगलूर तक पानी नहीं पहुंच पाया।

बिदरकेरे, निब्बगुरु और संगेनहल्ली सहित कई तालाबों तक पानी पहुंचाने की योजना है। लेकिन मुख्य पाइपलाइन का काम पूरा होने से पहले ही ड्रिप सिंचाई की सामग्री लगा दी गई। किसानों का आरोप है कि पानी पहुंचाने की व्यवस्था किए बिना ड्रिप लाइन बिछाकर सरकारी धन खर्च किया जा रहा है। उन्हें आशंका है कि मुख्य पाइपलाइन बनने तक खुले में पड़ी सामग्री खराब हो जाएगी।

अब भी नहीं चेते तो संकट और गहराएगा

देश में औसतन 1,150 मिलीमीटर सालाना बारिश होने के बावजूद भूजल पर बढ़ती निर्भरता और जलस्रोतों के कमजोर होते जाने से भविष्य की चुनौती साफ दिखाई दे रही है। बारिश की हर बूंद को सहेजना, पुराने तालाबों को पुनर्जीवित करना, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना और सिंचाई परियोजनाओं को समय पर पूरा करना अब विकल्प नहीं, जरूरत है।

कर्नाटक के सामने सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि अगले मानसून में कितनी बारिश होगी। बड़ा सवाल यह है कि जितनी बारिश होगी, उसमें से कितना पानी जमीन में उतरेगा, कितना तालाबों में सहेजा जाएगा और कितना खेतों तक पहुंचेगा। यदि जल संरक्षण और प्रबंधन की मौजूदा खामियां दूर नहीं हुईं तो अगला सूखा केवल खेतों की फसल नहीं, गांवों की जल सुरक्षा और किसानों की आर्थिक स्थिति को भी प्रभावित करेगा।

भूजल संकट : आंकड़ों में कर्नाटक

जिला — भूजल दोहन

कोलार — 184 प्रतिशत
बेंगलूरु शहरी — 177 प्रतिशत
चिक्कबल्लापुर — 166 प्रतिशत
बेंगलूरु ग्रामीण — 142 प्रतिशत
चित्रदुर्ग — 133 प्रतिशत
तुमकूरु — 102 प्रतिशत
बल्लारी — 25 प्रतिशत

उपलब्ध कराए गए स्रोत के आंकड़े

जल प्रबंधन की तीन तस्वीरें

-कुंदापुर: 44 तालाबों में संरक्षण और पुनर्जीवन की जरूरत।
-कोडी: 125-130 एकड़ कृषि भूमि में 75-80 एकड़ खारे पानी से प्रभावित होकर परती।
-जिगलूर: भद्रा का पानी पहुंचने से पहले ही ड्रिप सिंचाई सामग्री लगा दी गई।

 

Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?

अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें

हर खबर सबसे पहले

Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

Spread the love

By Bharat Ki Awaz

मैं भारत की आवाज़ हिंदी न्यूज़ पोर्टल से जुड़ा हुआ हूँ, जहाँ मेरा उद्देश्य पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और ताज़ा ख़बरें पहुँचाना है। राजनीति, समाज, संस्कृति और स्थानीय मुद्दों पर गहरी रुचि रखते हुए मैं हमेशा कोशिश करता हूँ कि समाचार केवल सूचना न हों, बल्कि पाठकों को सोचने और समझने का अवसर भी दें। मेरी लेखनी का मक़सद है—जनता की आवाज़ को मंच देना और देश-समाज से जुड़े हर पहलू को ईमानदारी से प्रस्तुत करना। भारत की आवाज़ के माध्यम से मैं चाहता हूँ कि पाठक न केवल ख़बरें पढ़ें, बल्कि उनसे जुड़ाव महसूस करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *