भद्रा अभयारण्य भेजने के बजाय बेलूर लौटाने की मांग
राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम, बसें रोकीं
चिक्कमगलूरु। बेलूर से मूडिगेरे पहुंचे 39 जंगली हाथियों को तत्कोल वन के रास्ते भद्रा अभयारण्य में स्थानांतरित करने की वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को मूडिगेरे बंद रहा। विभिन्न राजनीतिक दलों, किसान संगठनों और अन्य संगठनों के समर्थन से आंदोलनकारियों ने सुबह लायंस सर्किल पर प्रदर्शन शुरू किया।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में कॉफी के पौधे लेकर सडक़ पर बैठकर विरोध जताया। कडूर-मेंगलूरु राष्ट्रीय राजमार्ग-173 पर चक्काजाम कर ऑपरेशन गज रोकने की मांग की। इस दौरान केएसआरटीसी बसें भी रोकी गईं। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री शिवलिंगेगौड़ा के चित्र को आग लगाकर सरकार के फैसले के प्रति नाराजगी जताई।
आंदोलनकारियों का कहना है कि हाथियों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में भेजना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। इससे मूडिगेरे और आसपास के गांवों में किसानों तथा आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। उनकी मांग है कि स्थानांतरण की कार्रवाई रोककर बेलूर से आए हाथियों को वापस वहीं भेजा जाए और स्थानीय लोगों की राय को महत्व दिया जाए।
हाथियों का 39 सदस्यीय झुंड फिलहाल कॉफी बागानों में डेरा डाले हुए है। फसलों को हो रहे नुकसान से उत्पादक परेशान हैं। झुंड न तो तत्कोल वन की ओर बढ़ रहा है और न ही बेलूर लौट रहा है। वन विभाग थर्मल ड्रोन कैमरों से उसकी निगरानी कर रहा है।
बंद के चलते बाजारों में कारोबार और यातायात प्रभावित रहा। निजी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश रहा, जबकि व्यापारियों, ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों ने भी बंद को समर्थन दिया।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

