कर्नाटक विश्वविद्यालय के योग अध्ययन विभाग के स्वर्ण जयंती समारोह में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू
धारवाड़। विधान परिषद सदस्य प्रो. एस.वी. संकनूर ने कहा कि आधुनिक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के दौर में मानसिक तनाव से मुक्त रहकर स्वस्थ जीवन जीने के लिए योग सबसे प्रभावी उपाय है। भारत की प्राचीन योग विद्या को आज के जीवन में अपनाना जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग और प्राणायाम करना चाहिए।
वे कर्नाटक विश्वविद्यालय के योग अध्ययन विभाग की स्वर्ण जयंती और पीएम-उषा के सहयोग से आयोजित ‘वर्तमान संदर्भ में योग और उसके विविध आयाम’ विषयक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से योग को वैश्विक पहचान मिली और संयुक्त राष्ट्र में प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिलने के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा।
राजस्थान के महात्मा गांधी चिकित्सा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. ईश्वर वी. बसवरड्डी ने कहा कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग और लगातार तनाव मस्तिष्क की कार्यप्रणाली को प्रभावित करते हैं। इससे कोर्टिसोल हार्मोन का स्राव बढ़ता है और तनाव की स्थिति पैदा होती है। उन्होंने उपनिषदों को योग का आधार बताते हुए महर्षि पतंजलि के योग सूत्रों के नियमित अध्ययन और अभ्यास पर जोर दिया। उनके अनुसार, अपने काम को ही योग मानकर करने से सफलता मिलती है।
अध्यक्षीय संबोधन में कर्नाटक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ए.एम. खान ने कहा कि विचलित और तकनीक-प्रधान दौर में युवाओं के लिए एकाग्रता तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने में योग की अहम भूमिका है। यह आंतरिक शांति, सजगता, करुणा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देता है।
गदग-शिरहट्टी के तोंटदार्य मठ के शान्तलिंग महास्वामी ने कहा कि योग अध्ययन विभाग का स्वर्ण जयंती समारोह गौरव का विषय है। महर्षि पतंजलि की योग परंपरा शरीर और मन को जोडऩे का माध्यम है। आज युवाओं में बढ़ती शारीरिक और मानसिक समस्याओं का एक कारण योग से दूरी भी है। स्वास्थ्य की जिम्मेदारी स्वयं व्यक्ति के हाथ में है।
कार्यक्रम में पतंजलि योग पीठ के प्रदेशाध्यक्ष भवरलाल आर्य, विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अरविंद करबसवनगौड़ा, पीएम-उषा समन्वयक प्रो. आर.एफ. भजंत्री, संयोजक प्रो. शौकत अजीम, आयोजन सचिव प्रो. एम.पी. रमेश सहित प्राध्यापक, सिंडिकेट सदस्य और विद्यार्थी उपस्थित थे।
Breaking News सबसे पहले पाना चाहते हैं?
अभी हमारे WhatsApp Channel को join करें
हर खबर सबसे पहले
Join करें : https://whatsapp.com/channel/0029Vb7S2RA65yD9fZX4Og1Z

