लाल मिर्च बनी ‘लाल सोना’, ब्याडगी डब्बी 70 हजार रुपए क्विंटल तक पहुंची
पिछले वर्ष के मुकाबले 10 से 20 हजार रुपए तक बढ़े भाव
रोजाना 50 हजार से अधिक बोरियों की आवक, उत्पादन पर सूखे का खतरा
बल्लारी। पिछले कुछ वर्षों से उचित दाम नहीं मिलने के कारण परेशान मिर्च उत्पादक किसानों को इस बार बाजार से राहत मिली है। लाल मिर्च की विभिन्न किस्मों के भाव में तेजी आने से किसानों के चेहरे पर उम्मीद दिखाई देने लगी है। ब्याडगी डब्बी किस्म 60 से 70 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है। ब्याडगी मिर्च के भाव 40 से 50 हजार रुपए और सिजेंटा 5531 किस्म के भाव 20 से 30 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं।
इस वर्ष जिले में 42,469 हेक्टेयर क्षेत्र में मिर्च की खेती की गई है। तुंगभद्रा जलाशय से नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद किसानों ने बड़े पैमाने पर रोपाई की थी। बल्लारी और आसपास के क्षेत्रों से ब्याडगी मंडी में प्रतिदिन 50 हजार से अधिक बोरी मिर्च पहुंच रही है। बाजार में गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग किस्मों के भाव तय हो रहे हैं।
पिछले साल के मुकाबले बड़ी तेजी
व्यापारियों के अनुसार, पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मिर्च की विभिन्न किस्मों के दाम में 10 से 20 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक वृद्धि हुई है। ब्याडगी डब्बी की मांग और गुणवत्ता के कारण इसके भाव सबसे अधिक हैं। लंबे समय से कम कीमतों से परेशान किसानों को इस तेजी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, सूखे और पानी की कमी का असर उत्पादन पर पडऩे की आशंका बनी हुई है। जिन क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वहां फसल को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। देर से रोपी गई फसल को पर्याप्त पानी मिलने पर उत्पादन बढऩे की उम्मीद है। आने वाले दिनों में खरीफ और रबी दोनों फसलों की आवक के आधार पर बाजार में भाव बदल सकते हैं।

