संतोष लाड ने जताया विश्वास
हुब्बल्ली. धारवाड़ जिला प्रभारी मंत्री संतोष लाड ने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी को जीतने की आदत हो गई है, वे चार लाख वोटों से कैसे जीतेंगे उन्हें पता नहीं है। इस बार अति आत्मविश्वास में हैं परन्तु इस बार धारवाड़ लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस जीत हासिल करेगी।
धारवाड़ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए लाड ने कहा कि इस बार हम कर्नाटक में भी अधिक सीटें जीतेंगे।
उन्होंने कहा कि जीडीपी के मामले में हम बांग्लादेश से पीछे हैं। जोशी चुनावी बांड की बात नहीं कर रहे हैं। भाजपा को साढ़े छह हजार करोड़ का चंदा मिला है। यह कहां से आया? यह क्यों आया? 10 साल में किए गए विकास कार्यों पर खुली चर्चा होनी चाहिए।
लाड ने कहा कि जनता ने इस बार केंद्र की भाजपा सरकार को हराने का मन बना लिया है। पिछले 10 वर्षों में क्या हुआ, इसके बारे में बात करने के बजाय, वे अगले 5 वर्षों के बारे में बात कर रहे हैं। वे सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं।
कर्नाटक को दिए जाने वाला कोई पैसा बकाया नहीं है कहकर केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लाड ने कहा कि सूखा राहत राशि नहीं आने पर भी भाजपा कह रही है कि हम झूठ बोल रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि भाजपा ने जो कहा वह वैदिक वाक्य की तरह हो गया है।
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि एक-दो स्थानों पर टिकट नहीं मिलने से असंतोष बढ़ा है। विनय कुलकर्णी समेत हमारी पार्टी के नेता असंतुष्ट लोगों से बात कर रहे हैं।
मोदी की पार्टी में शामिल हुए भ्रष्ट जनार्दन रेड्डी
हुब्बल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री संतोष लाड ने चुटकी लेते हुए कहा कि भ्रष्टाचार नहीं होने देंगे कहने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचारी जनार्दन रेड्डी को पार्टी में शामिल कर लिया है। चाहे वह कितने भी भ्रष्ट क्यों न हो, अगर वह भाजपा में शामिल हो जाएंगे तो बेदाग हो जाएंगे। इन्हें वॉशिंग पाउडर से साफ कर देते हैं। साथ ही एक सर्वे रिपोर्ट भी आई है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को बहुत कम सीटे मिलेंगी। इसके चलते भाजपा छोटे-छोटे क्षेत्रीय दलों का विलय करने का काम कर रही है। इससे पहले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 37 फीसदी वोट मिले थे। अब सिर्फ 29 फीसदी वोट ही आ सकते हैं। भाजपा देशभर में 200 का आंकड़ा पार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि मैंने कभी भी प्रल्हाद जोशी या मोदी के बारे में कोई व्यक्तिगत आलोचना नहीं की है। मैंने जोशी के साथ कई बार फ्लाइट से यात्रा की है। जोशी ने हमारे बीच हुई बातचीत को तोड़-मरोडक़र पेश कर झूठ बोल रहे हैं।